Popup Image

सिंगरौली में कच्चा मकान ढहने से बड़ा हादसा

मलबे में दबकर तीन की मौत, 8 साल के बच्चे की बची जान

Advertisement

सिंगरौली। मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले में सोमवार देर शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। बैढ़न थाना क्षेत्र की गोभा पुलिस चौकी अंतर्गत बरहपान गांव में एक कच्चा मकान अचानक भरभराकर ढह गया। हादसे के वक्त घर के अंदर मौजूद चार लोग मलबे में दब गए। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों और पुलिस ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद चारों को मलबे से बाहर निकाला गया। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ वर्षीय बच्चे की जान बच गई।

रात 8:30 बजे अचानक ढह गया मकान

Advertisement

जानकारी के अनुसार, सोमवार रात करीब 8:30 बजे बरहपान गांव में एक कच्चा मकान अचानक गिर गया। उस समय घर के अंदर चार लोग मौजूद थे, जो मलबे के नीचे दब गए। घटना की सूचना मिलते ही गोभा पुलिस चौकी प्रभारी शिवम सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से राहत एवं बचाव अभियान शुरू कराया।

जेसीबी की मदद से हटाया मलबा, डेढ़ घंटे चला रेस्क्यू

Advertisement

मकान का मलबा अधिक होने के कारण लोगों को बाहर निकालने में काफी परेशानी हुई। इस बीच गांव के सरपंच चित्रकूट बैस ने तत्काल जेसीबी मशीन की व्यवस्था कराई। इसके बाद पुलिस और ग्रामीणों ने मिलकर मलबा हटाना शुरू किया। करीब डेढ़ घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद चारों लोगों को बाहर निकाला गया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर मौजूद रहे और बचाव कार्य में सहयोग करते रहे।

तीन की मौत, आठ वर्षीय अतुल की बची जान

मलबे से निकाले गए लोगों की पहचान अरुण कुमार विश्वकर्मा (36), संतुलिया विश्वकर्मा (60), पुष्पा (1) और अतुल (8) के रूप में हुई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, अरुण कुमार, संतुलिया और एक वर्षीय पुष्पा की हालत गंभीर थी, जबकि आठ वर्षीय अतुल जीवित मिला। चारों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकीय परीक्षण के बाद तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया गया।

एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से बरहपान गांव में मातम पसरा हुआ है। हादसे में आठ वर्षीय बच्चे की जान बचने से परिजनों को कुछ राहत मिली है।

विधायक और पुलिस अधिकारी पहुंचे अस्पताल

हादसे की गंभीरता को देखते हुए सीएसपी हेमंत कुमार और बैढ़न थाना प्रभारी अभिमन्यु द्विवेदी भी घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया और आवश्यक निर्देश दिए। घटना की जानकारी मिलने पर सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने प्रभावित परिवार के बारे में जानकारी ली और स्थिति का जायजा लिया।

मकान गिरने की वजह अभी स्पष्ट नहीं

बरहपान गांव में हुए इस हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है। कच्चा मकान किन परिस्थितियों में अचानक ढहा, इसकी वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस और प्रशासन की ओर से हादसे के कारणों की जांच की जाएगी। फिलहाल घटना के बाद प्रभावित परिवार और पूरे गांव में शोक का माहौल है।

Related Articles

📢 पूरी खबर पढ़ने के लिए

बेहतर अनुभव के लिए ऐप का उपयोग करें

ऐप में पढ़ें
ऐप खोलें
ब्राउज़र में जारी रखें