मानसरोवर होटल मालिक के बेटे और कर्मचारी ने श्रद्धालुओं पर कुत्ता छोड़ा

श्रद्धालु बोले… दर्शन कर लौटने के बाद होटल की सीढिय़ों पर बैठ गए थे, बालक हुआ घायल
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe
उज्जैन। झज्जर हरियाणा से उज्जैन दर्शन के लिए आए श्रद्धालुओं पर मानसरोवर होटल मालिक के बेटे और कर्मचारी ने पालतू कुत्ता इसलिए छोड़ दिया क्योंकि श्रद्धालु होटल की सीढिय़ों पर बैठे थे। कुत्ते ने 2 वर्ष के बालक को काटकर घायल कर दिया। उन्होंने महाकाल थाने में इसकी रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पुलिस ने बताया झज्जर हरियाणा निवासी रोहित पिता समेयसिंह पत्नी खुशबूबाई, बहन चेतना, 2 वर्ष के बेटे हैप्पी के साथ उज्जैन दर्शन करने आया था। सभी लोगों ने महाकालेश्वर भगवान के दर्शन किए और मानसरोवर होटल के पास पहुंचे। पत्नी व बहन पैदल चलकर थक गए थे इस कारण होटल की सीढिय़ों पर बैठकर आराम करने लगे। तभी होटल मालिक का बेटा और कर्मचारी आए। उन्होंने सीढिय़ों से उठकर जाने को कहा।
खुशबू ने कहा कि पांच मिनिट में चले जाएंगे तो वह लोग गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर उन्होंने पालतू छोड़ दिया। कुत्ते ने 2 वर्ष के हैप्पी के हाथ व हथेली में काटकर खून निकाल दिया। आसपास के लोगों ने श्रद्धालुओं को बचाया। रोहित ने महाकाल थाने पहुंचकर होटल मालिक के बेटे व कर्मचारी के खिलाफ केस दर्ज कराया है।









