Advertisement

मैरी क्रिसमस: चर्च सजे, आज आधी रात को मनेगा जन्मोत्सव

रात 11.30 बजे से शुरू होगी विशेष प्रार्थना, केक काटकर होगा सेलिब्रेशन, झांकियों और कैरोल गीतों से माहौल में रंग जमा

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

Advertisement

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। शांति और भाईचारे का पर्व क्रिसमस शहर में पूरे उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। शहर के प्राचीन गिरजाघरों को रंगबिरंगी रोशनी से सजाया गया है। 24 दिसंबर की मध्यरात्रि को प्रभु यीशु के जन्म के साथ ही ईसाई समाज जश्न में डूब जाएगा। 25 दिसंबर को समाजजन एकत्र होंगे और मैरी क्रिसमस बोलकर शुभकामनाएं देंगे।

देवास रोड स्थित कैथोलिक चर्च और आईजी ऑफिस के समीप स्थित मसीही चर्च में तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है। गिरिजाघरों में आकर्षक झांकियां सजाई गई हैं। पिछले एक सप्ताह से शहर में कैरोल गीतों की गूंज सुनाई दे रही है। फादर जोस पुल्लाट के मुताबिक मदर मैरी कैथोलिक चर्च में बुधवार रात 11.30 बजे विशेष धर्म विधि शुरू होगी। देर रात 12 बजे बालक यीशु के जन्म की विशेष प्रार्थना की जाएगी। इसके पश्चात धर्माध्यक्ष (बिशप) सबास्टियन वड़क्केल बालक यीशु की मूर्ति को हाथों में लेकर पवित्र अग्नि (कैंप फायर) की परिक्रमा करेंगे। इस दौरान चर्च परिसर में भव्य जुलूस भी निकाला जाएगा।

Advertisement

गोशाला की झांकी और सांता क्लॉज आकर्षण का केंद्र
कैथोलिक चर्च परिसर में प्रभु यीशु के जन्म से जुड़ी बेथलहम की गोशाला की सुंदर झांकी सजाई गई है जो शहरवासियों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। परिसर में घूम रहे सांता क्लॉज बच्चों को टॉफियां और उपहार बांटकर उनका मनोरंजन कर रहे हैं। विद्युत रोशनी से सजे दोनों गिरजाघरों का वैभव देखते ही बन रहा है।

आज रात का मुख्य कार्यक्रम

Advertisement

मिडनाइट मास- आज रात 11.30 बजे से पवित्र बलिदान की विधि और विशेष प्रार्थनाएं शुरू होंगी।

प्रभु का जन्म- देर रात 12 बजे प्रभु यीशु के प्रतीक स्वरूप जन्म के बाद केक काटकर खुशियां मनाई जाएंगी।

बधाई का दौर- ईसाई समुदाय के लोग एक-दूसरे को गले लगकर और मैरी क्रिसमस कहकर पर्व की बधाई देंगे।

25 दिसंबर का कार्यक्रम

क्रिसमस के मुख्य दिन यानी गुरुवार सुबह 8.30 बजे दोनों चर्च में विशेष प्रार्थना सभा (पवित्र बलिदान) आयोजित की जाएगी। इसके बाद शाम 5.30 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रंगारंग प्रस्तुतियां होंगी जिसमें समाज के बच्चे और युवा प्रभु यीशु के संदेशों को नाटक और गीतों के माध्यम से प्रस्तुत करेंगे।

मसीही चर्च में भी होंगे आयोजन
आईजी ऑफिस के समीप स्थित मसीही चर्च में बुधवार मध्यरात्रि 12 बजे विशेष प्रार्थना होगी। यहां 25 दिसंबर से क्रिसमस कार्निवाल का आगाज़ होगा जो 1 जनवरी (नववर्ष) तक चलेगा। इस दौरान खेलकूद, गायन और विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।

Related Articles

Write a review