Advertisement

मेडिकल छात्र ने जहर खाकर दी जान

शहर में जारी है आत्महत्याओं का सिलसिला… एक ही दिन में दो हंसते-खेलते परिवारों के बुझे चिराग

Advertisement

बड़वाह के रामगढ़ का रहने वाला था छात्र, कमरे से नहीं मिला सुसाइड नोट, बयान भी नहीं हो सके दर्ज

अक्षरविश्व न्यूज इंदौर। शहर के खुड़ैल थाना क्षेत्र स्थित एक निजी मेडिकल कॉलेज से एक बेहद दुखद और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एमबीबीएस थर्ड ईयर के एक होनहार छात्र ने संदिग्ध परिस्थितियों में हॉस्टल परिसर में ही जहरीला पदार्थ खाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। छात्र को तड़पता देख कॉलेज प्रबंधन में हड़कंप मच गया और उसे तुरंत इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बाद भी इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

Advertisement

खुड़ैल पुलिस के मुताबिक, मृत छात्र की शिनाख्त 21 वर्षीय रामगोपाल पाल के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बड़वाह के पास रामगढ़ का रहने वाला था और इंदौर में रहकर डॉक्टरी की पढ़ाई कर रहा था। उसने हॉस्टल में जहरीला पदार्थ गटक लिया था। पुलिस को छानबीन के दौरान छात्र के कमरे से कोई भी सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। अस्पताल में तबीयत बेहद गंभीर होने के कारण मरने से पहले पुलिस उसके बयान भी दर्ज नहीं कर सकी, जिससे खुदकुशी के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस ने बड़वाह में रहने वाले परिजन को सूचना दे दी है और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाकर मामले की बारीकी से जांच शुरू कर दी है, वहीं इस घटना के बाद हॉस्टल के साथियों में मातम पसरा हुआ है।

बीमारी से तंग आकर बुजुर्ग ने लगाई फांसी

Advertisement

दर्दनाक घटना… चाय लेकर कमरे में पहुंची पत्नी तो उड़ गए होश

अक्षरविश्व न्यूज इंदौर। लसूडिय़ा थाना क्षेत्र के बापू गांधी नगर में बुजुर्ग द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पिछले काफी समय से गंभीर बीमारी और उसके असहनीय दर्द से जूझ रहे बुजुर्ग ने मौत का रास्ता चुन लिया। सूचना मिलते ही लसूडिय़ा पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।

पुलिस जांच में जो कहानी सामने आई है, वह बेहद भावुक करने वाली है। मृतक की पहचान 60 वर्षीय राजेश जाधव के रूप में हुई है। राजेश ने बेहद सोची-समझी रणनीति के तहत अपनी पत्नी से कहा कि वह नीचे रसोई से उनके लिए चाय बनाकर ऊपर के कमरे में लेकर आए। पत्नी जैसे ही चाय का कप लेकर ऊपर कमरे में दाखिल हुई, सामने का मंजर देख उसके पैरों तले जमीन खिसक गई… राजेश फंदे पर लटके हुए थे। परिजन ने पुलिस को बताया कि राजेश पिछले लंबे समय से पेट की एक गंभीर बीमारी से परेशान थे और लगातार होते दर्द के कारण भारी मानसिक तनाव में चल रहे थे। उनके परिवार में पत्नी, एक बेटा और एक शादीशुदा बेटी है, वहीं इस दुखद घटना के बाद से पूरे इलाके में शोक की लहर है और पड़ोसियों की आंखें भी नम हैं।

Related Articles

📢 पूरी खबर पढ़ने के लिए

बेहतर अनुभव के लिए ऐप का उपयोग करें

ऐप में पढ़ें
ऐप खोलें
ब्राउज़र में जारी रखें