विधायक टी राजा सिंह ने BJP से दिया इस्तीफा

तेलंगाना में बीजेपी के विधायक टी राजा सिंह ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। हैदराबाद के गोशामहल सीट से विधायक टी राजा सिंह ने अपना इस्तीफा तेलंगाना के प्रदेश अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी को भेजा है। राजा सिंह ने लिखा है कि मैं लाखों कार्यकर्ताओं की भावनाओं को देखते हुए पार्टी से इस्तीफा दे रहा हूं।
राजा सिंह ने बीजेपी से ऐसे वक्त पर इस्तीफा दिया है जब राज्य में नए प्रदेश प्रमुख की नियुक्ति होनी है। इसके लिए कवायद शुरू हो चुकी है। अटकलें हैं कि बीजेपी एन रामचंदर राव को नया प्रदेश प्रमुख नियुक्त कर सकती है। अटकलों में यह भी कहा जा रहा है कि इसमें एन रामचंदर राव को प्रमुख बनाने के लिए आंध्र के सीएम एन चंद्रबाबू नायडू ने सिफारिश की। इसके बाद उन्हें प्रदेश अध्यक्ष के लिए नामांकन को कहा गया है।
टी राजा सिंह की पहचान एक फायरब्रांड नेता की है। बीजेपी ने तेलंगाना विधानसभा चुनावों से ठीक पहले राजा सिंह का निलंबन रद्द करके पार्टी में वापस लिया था। इसके बाद टिकट दिया था। राजा सिंह फिर गोशामहल से जीत गए थे। टी राजा सिंह अपने इस्तीफे में लिखा है कि मैं यह पत्र भारी मन और गहरी चिंता के साथ लिख रहा हूँ।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, श्री रामचंदर राव को तेलंगाना के लिए भाजपा का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया जाना तय है। यह निर्णय न केवल मेरे लिए बल्कि लाखों कार्यकर्ताओं, नेताओं और मतदाताओं के लिए एक सदमा और निराशा की तरह है, जो हर उतार-चढ़ाव में पार्टी के साथ खड़े रहे हैं। ऐसे समय में जब भाजपा तेलंगाना में अपनी पहली सरकार बनाने की दहलीज पर खड़ी है, इस तरह का चयन हमारी दिशा के बारे में गंभीर संदेह पैदा करता है।
राजा सिंह ने लिखा है कि मैं एक समर्पित कार्यकर्ता रहा हूं, जो लोगों के आशीर्वाद और पार्टी के समर्थन से लगातार तीन बार चुना गया हूं। लेकिन आज, मुझे चुप रहना या यह दिखावा करना मुश्किल लगता है कि सब ठीक है। यह व्यक्तिगत महत्वाकांक्षा के बारे में नहीं है, यह पत्र लाखों निष्ठावान भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों के दर्द और हताशा को दर्शाता है जो खुद को दरकिनार और अनसुना महसूस करते हैं। राजा सिंह ने आगे लिखा है कि बहुत दुख के साथ, मैंने भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देने का फैसला किया है।









