Advertisement

दो लाख 20 हजार रुपए कीमत का 8 किलो से अधिक गांजा जब्त

झारखंड का गांजा तस्कर यात्री प्रतीक्षालय से पकड़ाया

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

Advertisement

अक्षरविश्व न्यूज|उज्जैन। झारखंड का युवक पॉलीथिन में गांजा भरकर तस्करी के लिए बड़नगर जा रहा था। उसे रुनिजा रोड़ से पुलिस टीम ने गिरफ्तार कर 2 लाख 20 हजार रुपए कीमत का 8 किलो से अधिक गांजा जब्त किया।

टीआई अशोक पाटीदार ने बताया कि तरतरा थाना मनोहरपुरा जिला चायबासा झारखंड निवासी 45 वर्षीय पूरन महतो पिता रघुनाथ महतो को रुनिजा रोड बड़नगर यात्री प्रतीक्षालय के पास ग्रीड के सामने संदिग्ध हालत में देखा। उसे रोककर पूछताछ की व तलाशी ली गई तो उसके पास से 8 किलो से अधिक गांजा पॉलीथिन में मिला।

Advertisement

थाने लाकर उससे पूछताछ की गई। पूरन ने पुलिस को बताया कि वह बड़नगर में एक व्यक्ति को गांजा सप्लाय करने आया था। पुलिस ने उसके खिलाफ एनडीपीएस का केस दर्ज कर कोर्ट में पेश किया जहां से उसे पूछताछ के लिए दो दिन की रिमाण्ड पर पुलिस के सुपुर्द किया गया है।

डिलेवरी लेने नहीं आया तो स्वयं आया

Advertisement

पूरन ने पुलिस को बताया कि वह झारखंड से ट्रेन में बैठकर भोपाल तक आता है और वहां से इंदौर-उज्जैन के बीच स्थित शिप्रा गांव पहुंचता है। गांव पहुंचने के बाद वह आसपास के फुटकर गांजा व्यापारियों को सूचना देकर वहीं से गांजा सप्लाय कर देता है। इस बार बड़नगर का तस्कर उससे गांजा खरीदने शिप्रा गांव नहीं आ पाया तो पूरन उसे गांजा देने स्वयं बड़नगर आ गया था।

फुटकर व्यापारियों के बारे में पूछताछ

टीआई पाटीदार ने बताया कि पूरन बड़नगर और आसपास के क्षेत्र में किन फुटकर व्यापारियों को गांजा सप्लाय करता था। उसके खिलाफ झारखंड में तस्करी के कितने मामले दर्ज हैं। अब तक किसको कितना माल सप्लाय कर चुका है इसके संबंध में पूछताछ की जा रही है।

किराना दुकान की आड़ में बेच रही थी शराब

उज्जैन। झोपड़ी में किराना दुकान चलाने वाली महिला को पुलिस ने गिरफ्तार कर उसके पास से 10 लीटर हाथ भट्टी की कच्ची शराब जब्त की। पुलिस ने महिला के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस ने बताया कि बक्षराज फैक्ट्री बड़नगर के निवासी अशोक की पत्नी झोपड़ी में किराना दुकान संचालित की जाती है।

इसी दुकान की आड़ में उसके द्वारा अवैध तरीके से शराब का विक्रय भी किया जाता है। इसकी जानकारी मिलने पर पुलिस टीम ने दुकान पर दबिश दी और झोपड़ी में चैकिंग की तो यहां 2 सफेद रंग की प्लास्टिक की कैन बरामद हुई जिसमें 10 लीटर हाथ भट्टी की कच्ची शराब भरी थी। महिला से शराब के संबंध में पूछताछ के बाद उसे गिरफ्तार कर केस दर्ज किया गया है।

Related Articles

Write a review