युवती को लेने जबलपुर से उज्जैन पहुंची मां

भोपाल के साहिल के साथ उज्जैन आई थी युवती
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। फ्री फायर गेम के जरिए भोपाल के युवक के दोस्ती और फिर उसके साथ उज्जैन आई युवती को शनिवार को होटल संचालक और हिंदूवादी संगठनों ने देवासगेट पुलिस के हवाले कर दिया था। इसके बाद पुलिस ने युवती को वन स्टॉप सेंटर भेज दिया था। रविवार सुबह युवती की मां जबलपुर से उसे लेने के लिए उज्जैन पहुंची। शिकायत के आधार पर पुलिस युवक पर कार्रवाई करेगी।
दरअसल, मालीपुरा स्थित होटल श्री दर्शन में शनिवार को युवक-युवती संदिग्ध अवस्था में पकड़ाए। होटल संचालक और हिंदू जागरण मंच की सूचना पर देवासगेट पुलिस दोनों को थाने ले गई। युवक का नाम साहिल पिता अनजर अहमद है जो भोपाल के मोमिनपुरा छावनी का रहने वाला है और युवती जबलपुर की रहने वाली है। फ्री फायर गेम के माध्यम से साहिल ने युवती से दोस्ती की थी और फिर उसे जबलपुर से यहां मिलने बुलाया।
युवती भी परिजनों को बिना बताए यहां पहुंच गई। दोनों होटल पहुंचे थे जहां साहिल ने खुद को युवती का पति बताया। उसके संदिग्ध हावभाव देख होटल संचालक ने हिंदू जागरण मंच और देवासगेट पुलिस को सूचना दी। इसके बाद होटल पहुंचे मंच के अर्जुन भदौरिया, रितेश माहेश्वरी, दिनेश मकवान, राहुल सिसौदिया, राकेश जैन आदि ने पूछताछ की तो साहिल गांजे के नशे में मिला। इसके बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने युवती को वन स्टॉप सेंटर भेजा और उसके परिजनों को सूचना दी।
माथे पर त्रिपुंड
साहिल अहमद ने माथे पर त्रिपुंड लगा रखा था। पूछताछ में पता चला कि वह श्री महाकालेश्वर मंदिर, कालभैरव एवं अन्य मंदिरों में युवती के साथ गया था।
इनका कहना
युवती की मां आज सुबह ही जबलपुर से यहां पहुंची है। पहले युवती को उनसे मिलवाया जाएगा, उसके बाद शिकायत के अनुसार युवक पर कार्रवाई की जाएगी।
– अनिला पाराशर
टीआई, थाना देवासगेट









