शिप्रा नदी से तीसरे दिन मिली अर्टिगा कार के ड्राइवर की लाश

पानी के बहाव में आधा किलोमीटर दूर जाकर झाडिय़ों में फंसी

अक्षरविश्व न्यूज:उज्जैन। ऋणमुक्तेश्वर मंदिर के नजदीक शिप्रा नदी के पुल पर अर्टिगा कार लावारिस हालत में छोडऩे के बाद शिप्रा नदी में कूदे ड्राइवर की लाश गुरुवार सुबह बरामद कर ली गई है। पानी के बहाव की वजह से लाश करीब आधा किलोमीटर दूर मत्येंद्रनाथ समाधि के नजदीक झाडिय़ों में जाकर अटक गई थी।
मौके पर पहुंचे परिजनों ने उसकी शिनाख्त भी कर ली है। मोहन नगर निवासी अनिल पिता आनंद सोलंकी (२७) टैक्सी चलाता था। सोमवार रात उसने अपनी अर्टिगा कार को नदी के पुल पर खड़ा किया और नदी में छलांग लगा दी थी। टैक्सी मालिक गाड़ी की जीपीएस लोकेशन तलाशते हुए यहां तक पहुंचा और इसके बाद पुलिस को घटना की सूचना दी। इस घटनाक्रम के सामने आने के बाद से पुलिस और एसडीआरएफ की टीम नदी में सर्चिंग कर रहे थे। गुरुवार सुबह नदी से शव बरामद कर लिया गया।
जूना सोमवारिया रोड से भी लाश मिली
बुधवार शाम जूना सोमवारिया रोड पर मां आशु मेहतरानी मंदिर के नजदीक से भी पुलिस ने एक व्यक्ति की लाश बरामद की है। उसकी पहचान नहीं हो सकी है, आशंका है कि हार्टअटैक की वजह से उसकी मौत हुई है। उक्त व्यक्ति की उम्र तकरीबन 35 साल है और उसके हाथ पर वी.के. गुदा हुआ है।









