नाले के तेज बहाव में श्रद्धालुओं से भरी कार बही, तीन बच्चों समेत 8 की मौत

मां बगलामुखी मंदिर के पास दर्दनाक हादसा, मोदी और सीएम ने जताया दु:ख
अक्षरविश्व न्यूज नलखेड़ा। आगर-मालवा जिले के नलखेड़ा स्थित विश्व प्रसिद्ध मां बगलामुखी मंदिर के पास शनिवार तड़के दर्दनाक हादसा हो गया। तेज बारिश के बाद बरसाती नाले में अचानक पानी का बहाव बढ़ गया, जिसकी चपेट में श्रद्धालुओं से भरी कार आ गई और वह बह गई। हादसे में कार सवार 8 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 3 बच्चे, 2 महिलाएं और 3 पुरुष शामिल हैं। मृतकों में 7 लोग ओडिशा के निवासी थे, जबकि कार चालक अरुण गोयल आगर-मालवा जिले के बड़ौद का रहने वाला था। श्रद्धालु उज्जैन दर्शन के लिए आए थे और वहां से कार किराए पर लेकर मां बगलामुखी मंदिर में दर्शन के लिए नलखेड़ा आए थे।
हादसे की जानकारी शनिवार सुबह उस समय मिली, जब स्थानीय लोगों ने मां बगलामुखी मंदिर के पास बरसाती नाले में एक कार पलटी हुई देखी। लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और एसडीआरएफ की मदद से कार को नाले से बाहर निकाला गया। रेस्क्यू अभियान के दौरान कार से सभी 8 शव बरामद किए गए, जिन्हें पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेजा गया। पीएम के बाद ७ शवों को तीन एंबुलेंस से ओडिशा के लिए रवाना किया। पुलिस के अनुसार, मृतकों के गले में माता के आशीर्वाद स्वरूप लाल चुन्नी लिपटी हुई मिली। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सभी श्रद्धालु मां बगलामुखी मंदिर में हवन-पूजन करने के बाद वापस लौट रहे थे।
कलेक्टर डॉ. शेरसिंह मीना ने बताया कि हादसे में तीन बच्चों सहित कुल आठ लोगों की मौत हुई है। घटना रात करीब 3 बजे के आसपास की बताई जा रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मंदिर की ओर से आ रही कार बरसाती नाले में गिर गई। कार नाले से करीब 100 मीटर दूर मिली है। घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार सोनी ने बताया कि शनिवार सुबह पुलिस को सूचना मिली थी कि मां बगलामुखी मंदिर के सामने बहने वाले नाले में एक कार डूबी हुई दिखाई दे रही है। मौके पर पहुंची पुलिस ने कार से 8 शव बरामद किए। मृतकों में तीन पुरुष, दो महिलाएं और तीन बच्चे शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, कार उज्जैन पासिंग थी। एक मृतक के पास मिले पहचान पत्र से यात्रियों के ओडिशा निवासी होने की जानकारी मिली। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। प्रारंभिक तौर पर तेज बहाव वाले नाले में कार उतरने से हादसा होने की आशंका जताई जा रही है। मामले की जांच जारी है।
इनकी हुई मौत : हादसे में कार चालक अरुण गोयल, राधारानी बहेरा, ज्ञानेंद्र कुमार बहेरा, रितारानी पत्नी ज्ञानेंद्र बहेरा, कृष्णा राजवीर, शिवप्रसाद बहेरा, वी. साई स्वस्तिक और शहीरा स्वयं प्रभा के रूप में पहचान हुई है।
प्रधानमंत्री मोदी ने जताया शोक
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी नलखेड़ा हादसे में श्रद्धालुओं की मौत पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मृतकों के परिजन को 2-2 लाख रुपए देने की घोषणा की है।
सीएम ने 4-4 लाख रु. देने की घोषणा की
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नलखेड़ा हादसे पर दु:ख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजन के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की हैं। उन्होंने राज्य शासन की ओर से मृतकों के परिजन को 4-4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को पीडि़त परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।









