रैनबसेरे बने बेघरों का सहारा 70 से 80 लोगों को मिली छत

4 चालू, दो निर्माण कार्य के चलते बंद
दीनदयाल रसोई योजना के तहत महाकाल मंदिर से आता है दोपहर का खाना
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। सर्दी का मौसम शुरू हो गया है और ऐसे में रात के समय छत की जरूरत हर शख्स महसूस कर रहा है। ऐसे ही बेघर लोगों के लिए शहर के रैनबसेरे ठिठुरन भरी रात में सिर छिपाने के ठिकाने बन गए हैं। बेघरों के साथ ही कमजोर आय वाले सैलानियों के भी यह ठिकाने बन गए हैं। फिलहाल उज्जैन शहर में चार रैनबसेरे संचालित हो रहे हैं। दो निर्माण कार्य के चलते बंद हैं।
नगरनिगम ने श्रमिकों और कमजोर आय वर्ग को रात गुजारने के लिए शहर में छह जगह रैनबसेरे बना रखे हैं। यह घासमंडी चौराहा, नानाखेड़ा, गाड़ी अड्डा चौराहा, दूधतलाई, देवासगेट और सिविल अस्पताल क्षेत्र में हैं। चूंकि देवासगेट और सिविल अस्पताल क्षेत्र में इन दिनों निर्माण कार्य चल रहा है तो फिलहाल यह बंद हैं। बाकी चार रैनबसेरे सर्द रातों में गरीबों को सहारा बन रहे हंै। इनमें से प्रत्येक में रोजाना 15 से 20 लोग आश्रय ले रहें हैं। इस हिसाब से चारों में 75 से 80 लोगों को रहने का ठिकाना मिला हुआ है। इतना ही नहीं इन लोगों को खाने की नि:शुल्क सुविधा भी मिल रही है।
जरूरत के अनुसार बदल जाती है बिस्तरोंं की संख्या
चारों रैनबसेरों मेंं बिस्तर की संख्या तय नहीं है। यह लोगों की संख्या के अनुसार बदलती रहती है। घास मंडी चौराहा स्थित अटल रैनबसेरे में अभी कुल 15 पलंग है। जरूरत पडऩे पर इनकी संख्या बढा दी जाती है। यहां पर रोजाना 15-16 मुसाफिर फिलहाल ठहर रहे हैं। कर्मचारी मदन मरमट बताते हंै कि ठंड के समय ठहरने वालों की संख्या बढ़ जाती है। संख्या बढऩे पर नीचे बिस्तर लगा कर विश्राम कराया जाता है। दूसरा आश्रय स्थल गाड़ी अड्डा में अभी 20 पलंग हैं। जो जरूरत पडऩे पर बढ़ा दिए जाते है।
कर्मचारी मेहरबान नागर बताते हैं कि ठंड के समय रुकने वालों की संख्या बढ़कर 35 से 40 हो जाती है। तीसरा रैनबसेरा दूधतलाई क्षेत्र में है। रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड क्षेत्र के पास स्थित इस रैन बसेरे में २२ बेड हैं। कर्मचारी मुकेश जायसवाल बताते हैं कि ठंड में ठहरने वालों की संख्या बढ़कर करीब 40 हो जाती है। चौथा रैनबसेरा नानाखेड़ा बस स्टैंड पर है। यहां अक्सर वो राहगीर आते है जो लंबा सफर करके बस से आते हैं।
भोजन की विशेष सुविधा
इन आश्रय स्थलों में भोजन की खास व्यवस्था है। दीनदयाल रसोई योजना के तहत यहां ठहरने वाले मुसाफिरों को खाना परोसा जाता है। महाकाल मंदिर से यह खाना आता है। इन सभी जगहों पर दोपहर में भोजन कराया जाता है। इस सुविधा का लाभ ठहरने वालों के साथ अन्य लोग भी उठाते हैं।









