महाकाल मंदिर के लिए अब बनेगा 60 फीट चौड़ा नया रोड

हरिफाटक ब्रिज के नीचे रोड बनाने की तैयारी, रेलवे से अंडरपास की भी मिली हरी झंडी
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
अक्षरविश्व न्यूज|उज्जैन। महाकाल मंदिर जाने के लिए अब 60 फीट चौड़ा नया रास्ता बनाया जाएगा। इससे पैदल यात्री सीधे महाकाल लोक तक जा सकेंगे। यह रोड हरिफाटक ब्रिज के ठीक नीचे बनेगा। रेलवे लाइन के नीचे अंडरपास बनाया जाएगा। जल्द ही इसकी डीपीआर तैयार कर सरकार को भेजी जाएगी।
सिंहस्थ से पहले महाकाल मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए मार्ग सुगम बनाने के लिए मध्यप्रदेश की डॉ. मोहन यादव सरकार जुट गई है।
धर्मस्व विभाग के निदेशक और संभागायुक्त संजय गुप्ता ने हरिफाटक ब्रिज के नीचे से महाकाल मंदिर तरफ तक जाने के लिए 18 मीटर चौड़ा ब्रिज बनाने का निर्देश दिया है। अभी यह 5 मीटर चौड़ा है तथा रेलवे लाइन भी है। रेलवे ने रोड बनाने के लिए अंडरपास बनाने सहमति दे दी है। इससे रोड बनने की राह में कोई बाधा नहीं है। जल्द ही इसका प्रस्ताव तैयार कर शासन के पास भेजा जाएगा।
600 मीटर लंबा होगा पहुंचा देगा महाकाल लोक
नया रोड करीब 600 मीटर लंबा होगा। यह हरिफाटक ब्रिज से शुरू होगा और भगतसिंह मार्ग पर स्थित देवता कॉलोनी से होकर महाकाल लोक से जुड़ेगा। इससे दर्शनार्थी सीधे बेगमबाग की तरफ महाकाल लोक पहुंच सकेंगे। संभागायुक्त गुप्ता ने नगर निगम को यह प्रोजेक्ट बनाने का निर्देश दिया है।
हरिफाटक ब्रिज का जंक्शन होगा ठीक
इंदौर रोड की तरफ से शुरू होने वाले हरिफाटक ब्रिज पर अभी सबसे ज्यादा जाम के हालात बनते हैं। इसे खत्म करने के लिए प्रशासन अपनी ताकत लगा रहा है।
मंछामन से सिंहस्थ बायपास तक रोड
संभागायुक्त ने मंछामन से इंदौर रोड तक बनाई जा रही फोरलेन रोड को सिंहस्थ बायपास से जोड़ने के लिए एसआर 24 रोड भी बनाने का निर्देश दिया है। नगर निगम इसे भी अपने प्रोजेक्ट ने शामिल करेगा।
सरकार की भक्तों के लिए तैयारी…
रेलवे स्टेशन से महाकाल लोक तक जाने के लिए 190 करोड़ लागत से रोप वे प्रोजेक्ट पर काम।
हरिफाटक ओवर ब्रिज की चौड़ाई बढ़ाने की तैयारी। इसकी शाखाओं का चौड़ीकरण किया जाएगा। इसे सिक्स लेन करने की भी संभावनाएं तलाशी जा रही।
इंदौर से उज्जैन तक सिक्स लेन बनाया जा रहा, जो हरिफाटक ओवरब्रिज से जुड़ेगा।
रुद्रसागर पर आर्च ब्रिज का निर्माण लगभग पूरा होने आ गया। इससे चारधाम से श्रद्धालु सीधे महाकाल लोक आ सकेंगे।
प्रोजेक्ट तैयार होगा
हरिफाटक ओवरब्रिज से महाकाल लोक तक जाने के लिए नया रोड बनाने का निर्देश मिला है। इसका प्रोजेक्ट तैयार किया जाएगा।पीयूष भार्गव कार्यपालन यंत्री नगर निगम










