अब जीवनखेड़ी में घाट निर्माण की मिट्टी धंसने से मजदूर की मौत, सिंहस्थ साइड पर जारी हैं हादसे

उज्जैन। सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के बीच चल रहे निर्माण कार्यों में मजदूरों की मौत का सिलसिला थम नहीं रहा है। बुधवार को नीलगंगा थाना क्षेत्र के जीवनखेड़ी में शिप्रा नदी किनारे घाट निर्माण के दौरान मिट्टी धंसने से एक मजदूर की मलबे में दबकर मौत हो गई। वह बड़वानी जिले का रहने वाला था।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
बड़वानी के ग्राम डूंगरगांव (थाना सिलावद) का निवासी 35 वर्षीय सुरेश (पिता नरसिंह) जीवनखेड़ी में घाट निर्माण कार्य में लगा था। बुधवार सुबह करीब 11 बजे वह नदी के छोर पर काम कर रहा था, तभी घाट निर्माण के लिए बनाए गए मिट्टी के स्लोप की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। सुरेश पूरी तरह मिट्टी के नीचे दब गया। साथी मजदूरों ने आनन-फानन में मिट्टी हटाकर करीब 15-20 मिनट बाद उसे बाहर निकाला, लेकिन तब तक वह बेसुध हो चुका था। उसे चरक अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
ग्रामीणों के साथ आया था काम करने
सुरेश अपने भाई रोहित सहित गांव के करीब 25-30 लोगों के साथ यहां काम करने आया था। परिवार में पत्नी व पांच बच्चे हैं। गुरुवार सुबह उसके रिश्तेदार उज्जैन पहुंचे। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
निर्माण क्षेत्र में असुरक्षित माहौल 12 दिन में 3 मौतें
31 जनवरी: इंदौर-उज्जैन सिक्स लेन ब्रिज पर सरियों का जाल गिरने से झारखंड का मजदूर मरा।
4 दिन पहले: बडऩगर मार्ग (मुल्लापुरा) पर वाइब्रेट मशीन चलाते समय पश्चिम बंगाल के
मजदूर की मौत: अब बुधवार को जीवनखेड़ी घाट पर बड़वानी के मजदूर ने जान गंवाई।









