OMG-2 पर फिल्म मेकर्स की ओर से मिला जवाब, प्रसिद्धि पाने के लिए गलत आरोप लगाए है…

By AV NEWS

महाकाल मंदिर के पुजारी कोर्ट जाने की तैयारी में

ओएमजी-2 पर फिल्म मेकर्स की ओर से मिला जवाब, प्रसिद्धि पाने के लिए गलत आरोप लगाए है…

अक्षरविश्व न्यूज . उज्जैन:ओएमजी-2 फिल्म सिनेमाघर और पीवीआर से उतर भी गई और यह एक बार फिर चर्चाओं में है। दरअसल फिल्म को लेकर महाकाल मंदिर के पुजारियों द्वारा फिल्म मेकर्स,एक्टर्स और अन्य को नोटिस भेज कर फिल्म को आपत्तिजनक करार देते हुए बदलवा करने को कहा था।

मेकर्स की ओर से इसका जवाब भेजते हुए आपत्तियों को खारिज कर दिया है। जवाब में लिखा गया है कि विरोध पर उचित तरीके से निपटेंगे। इसके बाद अब महाकाल मंदिर के पुजारी मामले को कोर्ट में ले जाने की तैयारी कर रहे है।

OMG-2 फिल्म के संबंध में पुजारी और अखिल भारतीय पुजारी महासंघ की ओर से फिल्म मेकर्स को नोटिस भेजा गया था। महाकाल मंदिर के पुजारी महेश शर्मा ने बताया कि मेकर्स को नोटिस देकर फिल्म से विवादित सीन हटाने को कहा गया था। लेकिन, न तो उन्होंने ये सीन हटाए और न ही माफी मांगी।

अब हम कोर्ट जा रहे हैं और जल्द केस दायर कराएंगे। रिटायर्ड जज अशोक सनोठिया भी हमारी इस लड़ाई में शामिल हुए हैं। OMG-2 इसी साल 11 अगस्त को रिलीज हुई थी। फिल्म देखने के बाद महाकालेश्वर मंदिर के पुजारी महेश शर्मा और अखिल भारतीय पुजारी महासंघ के महासचिव रूपेश मेहता ने फिल्म मेकर्स के अलावा इंडियन बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन के अध्यक्ष प्रसून कुमार जोशी के खिलाफ भी कोर्ट से नोटिस पहुंचाया था।

यह आया नोटिस का जवाब…

पुजारी और अखिल भारतीय पुजारी महासंघ की ओर से फिल्म मेकर्स को दिए गए नोटिस पर फिल्म के एक्टर अक्षय कुमार, निर्माता विपुल शाह और निर्देशक अमित राय के वकील की ओर सेजवाब आया। इसमें पुजारी और पुजारी संघ के लिए कहा गया कि आपके आरोप गलत हैं। यह अश्लील फिल्म नहीं है। प्रसिद्धि पाने के लिए गलत आरोप लगाए गए हैं। उचित तरीके से निपटा जाएगा।

इसमें कहा गया, अगर आप हमारे क्लाइंट्स के खिलाफ किसी भी तरह की कार्रवाई करने का विकल्प चुनते हैं तो कृपया ध्यान दें कि हमारे क्लाइंट्स की ओर से उचित रूप से निपटा जाएगा।हमारे क्लाइंट्स नोटिस में शामिल प्रत्येक कथन, दावे, विवाद और आरोप से इनकार करते हैं। फिल्म के खिलाफ लगाए गए सभी आरोप और दावे झूठे, कानूनी रूप से अस्थिर होने के कारण पूरी तरह से खारिज कर दिए गए हैं। ऐसा प्रतीत होता है कि श्री महाकालेश्वर मंदिर उज्जैन के पुजारी प्रतिनिधि पंडित महेश शर्मा और अखिल भारतीय पुजारी महासंघ के रूपेश मेहता ने

ऐसा प्रसिद्धि और प्रचार पाने के इरादे से किया है।

इन्होंने ‘ए’सर्टिफिकेट के आधार पर मान लिया है कि फिल्म में अश्लील सामग्री है। यह एक स्वीकारोक्ति है कि उन्होंने खुद फिल्म नहीं देखी है। फिल्म में कथित तौर पर ऐसी कोई अश्लील सामग्री नहीं है, जैसा कि आरोप लगाया गया है।ऐसे में हमारे क्लाइंट्स का कहना है कि फिल्म में उज्जैन मंदिर को प्रदर्शित करने वाले सभी या किसी भी दृश्य को हटाने का कोई कारण नहीं है।

ध्यान भटकाने का प्रयास

महेश पुजारी और रूपेश मेहता ने बताया कि भगवान शिव स्वयंभू हैं। भगवान शिव के गण के रूप में जो चित्रण अक्षय कुमार के ऊपर किया गया है, वो शिव के गण का नहीं, भगवान शिव का ही चित्रण है। विष पीने की शक्ति भगवान शिव के अलावा किसी अन्य को नहीं है। फिल्म में भगवान शिव के जलाभिषेक के समय अक्षय कुमार को स्नान करते हुए दर्शाया गया है।

जलाभिषेक भगवान शिव का ही होता है, न कि उनके गण का। भस्म लेपन भी भगवान शिव का ही होता है, न कि शिव के गण का। अक्षय पर फिल्माए ये सीन दर्शाते हैं कि फिल्म में भगवान शिव को ही दर्शाया गया है। मात्र ध्यान भटकाने के लिए भगवान शिव के गण का नाम उस पात्र को दिया गया है। बता दें कि फिल्म का टी•ार जारी होने के बाद केंद्रीय फिल्म सेंसर बोर्ड ने कुछ दृश्य और संवाद पर आपत्ति लेते हुए हटाने के निर्देश दिए थे। इसके बाद फिल्म में आंशिक संशोधन किया गया था।

महाकाल मंदिर के दृश्य हटाने की मांग की थी…

बता दें कि अक्षय कुमार स्टारर फिल्म ‘ओएमजी-2’ पर महाकाल मंदिर के पुजारियों ने आपत्ति जताई थी। पुजारियों का कहना है कि इस फिल्म से महाकाल मंदिर में शूट किए गए सभी दृश्य को तत्काल हटा लेना चाहिए।फिल्म को अगर ए सर्टिफिकेट दिया गया और अश्लीलता परोसने के साथ महाकाल मंदिर के शॉट दिखे तो देशभर में फिल्म निर्माता, निर्देशक और एक्टर अक्षय कुमार के खिलाफ प्रदर्शन होगा। एफआईआर भी दर्ज कराई जाएगी।

11 जुलाई को ओ माय गॉड-2 का टीजर रिलीज हुआ था। सेंसर बोर्ड ने फिल्म की रिलीज डेट पर रोक लगाते हुए फिल्म को रिव्यू कमेटी के पास भेजा था। सेंसर बोर्ड के इस एक्शन पर 18 जुलाई को पुजारियों ने कहा था कि अच्छा होगा कि पहले से आपत्तिजनक शॉट्स – डायलॉग्स हटा लिए जाएं। साधु-संतों को दिखाकर फिल्म रिलीज की जाए।

Share This Article