दीपोत्सव पर CM का शहर से गांव तक संवाद, गोवर्धन पूजा कर गोमाता को खिलाया गुड़

तिलकेश्वर महादेव गोशाला में गोवर्धन पूजा से सिंहस्थ की तैयारियों तक, मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने गिनाईं उज्जैन के विकास की सौगातें
फतेहाबाद-बरोदा फोरलेन और बादलखेड़ी-झिरोलिया सड़क की घोषणा
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। दीपावली के अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को तिलकेश्वर महादेव गौशाला में गौवर्धन पूजा कर गौमाता को गुड़ खिलाया। इसके बाद उन्होंने उज्जैन के विकास, सिंहस्थ 2028 की तैयारियों और ग्रामीण क्षेत्रों को दी जाने वाली सौगातों को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि उज्जैन सिंहस्थ में आने वाले करीब 40 करोड़ श्रद्धालुओं के स्वागत और सुविधाओं के लिए तैयार हो रहा है। इसी दौरान उन्होंने महामृत्युंजय कीर्ति द्वार की ऐतिहासिक-सांस्कृतिक जानकारी पर आधारित ऑडियो बुक का लोकार्पण किया, झिरोलिया में नवीन पंचायत भवन का अवलोकन किया तथा बादलखेड़ी-झिरोलिया सड़क और फतेहाबाद-बरोदा फोरलेन बनाने की घोषणा की।
तिलकेश्वर महादेव गौशाला में गौवर्धन पूजा-फोटो वीएस-10-3
सीएम ने तिलकेश्वर महादेव गौशाला में विधि-विधान से गौवर्धन पूजा की और गौ माता को गुड़ खिलाया। उन्होंने कहा कि उज्जैन भगवान श्रीकृष्ण की शिक्षा स्थली है और इस नगरी का गौरवशाली अतीत है। गौवर्धन पूजा सनातन संस्कृति की पहचान है। उन्होंने कहा कि गौ माता की पूजा के साथ प्रत्येक व्यक्ति को गौ माता से निजी रूप से भी जुडऩा चाहिए और संभव हो तो गौ पालन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि उज्जैन सिंहस्थ में आने वाले करीब 40 करोड़ श्रद्धालुओं के प्रबंधन के लिए तैयार हो रहा है। पूरे शहर में 500 किलोमीटर से अधिक सड़कें बन रही हैं। तिलकेश्वर महादेव के पास स्थित वाल्मिकी धाम में नया पुलिस थाना भी बनाया जाएगा। शिप्रा में पवित्र स्न्नान के लिए नए घाटों का निर्माण और घाटों तक सुगम पहुंच मार्ग की व्यवस्था की जा रही है। शहरवासियों से सिंहस्थ में आने वाले श्रद्धालुओं का खुले मन से स्वागत करने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नागरिक अपनी खाली जमीन पर टेंट सिटी, घरों में नए कमरे, होटल और होमस्टे बनाकर श्रद्धालुओं को सुविधा उपलब्ध करा सकते हैं, जिससे उन्हें अतिरिक्त आय भी होगी। कार्यक्रम में महापौर मुकेश टटवाल, सांसद उमेशनाथ महाराज, विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, यूडीए अध्यक्ष डॉ रवि सोलंकी, सिंहस्थ मेला प्राधिकरण अध्यक्ष जगदीश अग्रवाल, हाउसिंग बोर्ड अध्यक्ष ओम जैन, निगम सभापति कलावती यादव, समाजसेवी नारायण यादव, भाजपा नगर अध्यक्ष संजय अग्रवाल, महामंत्री जगदीश पांचाल, शैलेंद्र जैन, अशोक जैन (मुन्ना), अशोक कोठारी, मनीष परसवानी, दीपक यादव, हेमंत पांचाल, उदित बडज़ात्या, प्रदीप पीपाड़ा, मुन्ना सरकार, राजेंद्र सिरोलिया, संदीप कुलश्रेष्ठ, विश्वास शर्मा, स्वदेश शर्मा, राकेश पंड्या, रामनाथ महाराज, राजेन्द्र भारती, डॉ. प्रभुलाल जाटवा, जयसिंह दरबार, जितेन्द्र अग्रवाल, दिनेश बॉस सहित अफसर, गणमान्य जनप्रतिनिधि एवं गोपालक उपस्थित थे।
महामृत्युंजय कीर्ति द्वार की ऑडियो बुक का लोकार्पण-फोटो वीएस-10- मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सोमवार रात उज्जैन-इंदौर प्रमुख मार्ग पर स्थित महामृत्युंजय कीर्ति द्वार के स्थल पर इस भव्य प्रवेश द्वार की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक जानकारी पर आधारित ऑडियो बुक का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने उज्जैन के गौरवशाली इतिहास, सांस्कृतिक विरासत और भविष्य के विकास को लेकर चर्चा की। सीएम ने कहा कि उज्जैन का इतिहास राजा भोज से लेकर सम्राट अशोक तक और भगवान श्रीकृष्ण की शिक्षा स्थली सांदीपनि गुरुकुल जैसी गौरवगाथाओं से जुड़ा है। उज्जैन के गौरवशाली क्षणों को सहेजकर नई पीढ़ी तक पहुंचाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि उज्जैन अब नए दौर में प्रवेश कर रहा है।
महामृत्युंजय कीर्ति द्वार पत्थर पर कलाकृतियों के माध्यम से उज्जैन के इतिहास को प्रकट करता हुआ लोगों को इसकी गौरवशाली यात्रा से परिचित कराने का माध्यम बन रहा है। मुख्यमंत्री ने बताया कि यह राजस्थान के बांसी पहाड़पुर के लाल पत्थरों से निर्मित भव्य प्रवेश द्वार है, जो उज्जैन की पांच हजार वर्षों से अधिक प्राचीन सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत का प्रतीक है। द्वार पर अंकित द्वारपाल जय-विजय, भगवान शिव की भव्य आकृति, नंदी, सिंह और हाथियों की कलात्मक प्रतिमाएं उज्जैन की गौरवशाली परंपराओं को दर्शाती हैं। सिंहासन बत्तीसी की 32 पुतलियां सम्राट विक्रमादित्य के न्याय, वीरता और आदर्श शासन की स्मृति को जीवंत करती हैं। द्वार के मध्य स्थापित भगवान श्रीकृष्ण की प्रतिमा उज्जैन की प्राचीन गुरुकुल परंपरा का स्मरण कराती है, जबकि नीचे स्थित सम्राट अशोक का स्तंभ भारतीय इतिहास और सांस्कृतिक गौरव का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि एक तरफ भगवान महाकाल का मंदिर है और दूसरी तरफ ओंकारेश्वर का ज्योतिर्लिंग है। दोनों ज्योतिर्लिंग मध्य प्रदेश के लिए जीवन के आधार हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में धार्मिक पर्यटन के माध्यम से उज्जैन आने वाले यात्रियों को शहर का पूरा इतिहास दृश्यमान रूप में पुस्तकों और पत्थरों के माध्यम से दिखाया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को आगामी सिंहस्थ 2028 के दृष्टिगत उज्जैन के गौरव को इसी एंगल से प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। नई तकनीक और विभिन्न संसाधनों के माध्यम से इसे प्रदर्शित करने का प्रयास जारी है।
झिरोलिया में पंचायत भवन देखा, सड़क निर्माण की घोषणा
डॉ. यादव ने जिले के ग्राम झिरोलिया, फतेहाबाद एवं उमरिया खालसा का भ्रमण कर ग्रामीणों से संवाद किया और विभिन्न विकास कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, परिवहन, रोजगार, पशुपालन और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार को लेकर घोषणाएं कीं। झिरोलिया में मुख्यमंत्री ने नवनिर्मित पंचायत भवन का अवलोकन किया। इस दौरान ग्रामीणों ने स्वामित्व योजना के अंतर्गत हुई रजिस्ट्री के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए हाथों में तख्तियां प्रदर्शित कीं। उन्होंने बादलखेड़ी से झिरोलिया तक सड़क निर्माण कराने की घोषणा की। साथ ही गांव में दूध उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए आवश्यक प्रयास करने की बात कही। अधिक दूध देने वाले पशुओं के मालिकों को प्रोत्साहित करने के लिए पुरस्कार दिए जा रहे हैं। उन्होंने ग्रामीणों से पशुपालन एवं दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने का आह्वान किया और ग्रामीणों को दीपावली की शुभकामनाएं दीं।
फतेहाबाद को रेल और बस सुविधा
फतेहाबाद में मुख्यमंत्री ने कहा कि क्षेत्र में विकास कार्य धरातल पर दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने बताया कि यहां के हर कोने में सीमेंट-कंक्रीट की सड़कें बनाई गई हैं। तेजाजी चौक और तेजाजी मंदिर के विकास के लिए भी सहायता प्रदान की गई है। दिल्ली से इंदौर होते हुए मुंबई जाने वाली ट्रेन फतेहाबाद से होकर जाएगी। इसके साथ ही फतेहाबाद तक सरकारी बस सुविधा भी शुरू की जाएगी। उन्होंने कहा कि बेहतर परिवहन सुविधा मिलने से आवागमन सुगम होगा तथा रोजगार और व्यापार के नए अवसर विकसित होंगे। फतेहाबाद से बरोदा तक फोरलेन सड़क का निर्माण कराया जाएगा। क्षेत्र में शेष विकास कार्य भी शीघ्र पूरे किए जाएंगे।
उमरिया खालसा के विकास में कमी नहीं रहेगी
ग्राम उमरिया खालसा में मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास के मामले में सरकार बाल बराबर भी पीछे नहीं रहेगी। उमरिया खालसा क्षेत्र से इंदौर, धार और उज्जैन आने-जाने वाले लोगों के लिए महत्वपूर्ण मार्ग जुड़ा हुआ है। इसलिए सड़क और अन्य आवश्यक सुविधाओं का विकास प्राथमिकता के साथ किया जाएगा। उन्होंने कहा कि गांवों में सड़क, परिवहन, रोजगार, कृषि और पशुपालन से जुड़ी सुविधाओं को मजबूत कर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाया जा रहा है। सरकार का संकल्प है कि गांव और शहर के बीच विकास की सुविधाओं में अंतर न रहे।
शहर में भ्रमण कर नागरिकों से मिले मुख्यमंत्री
दीपावली की रात मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उज्जैन शहर के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर नागरिकों से मुलाकात की और दीपावली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने फ्रीगंज, शहीद पार्क, टावर चौक, तंबाकू बाजार, संदीपनी चौराहा से लेकर माता मंदिर चौराहा आदि क्षेत्रों में पहुंचकर नागरिकों से संवाद किया। नागरिकों ने जगह-जगह फूल मालाओं से स्वागत किया और उनके साथ फोटो खिंचवाने के लिए उत्साह दिखाई दिया। इसी बीच नागरिकों ने मुख्यमंत्री को मिठाई खिलाई।
फ्रीगंज में उन्होंने दिव्यांग प्रजापति दंपति से आत्मीयता से चर्चा कर उनकी कुशलक्षेम पूछी और मिठाई प्रदान की मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने हृदय अस्पताल पहुंचकर चिकित्सा व्यवस्थाओं की जानकारी ली। भ्रमण के दौरान उन्होंने दुकानों और प्रतिष्ठानों के संचालकों से मुलाकात कर दीपावली की शुभकामनाओं का आदान-प्रदान किया। उन्होंने बाजार क्षेत्र में मौजूद स्वच्छता मित्रों का सम्मान करते हुए उन्हें दीपावली की मिठाई और उपहार प्रदान किए। इसके बाद श्री गणेश मंदिर और चामुंडा माता मंदिर पहुंचकर दर्शन किए तथा नागरिकों की समृद्धि की कामना की।









