नरवर के पास डंपर की टक्कर से एक की मौत, दूसरा गंभीर घायल

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। सोमवार सुबह डंपर की टक्कर से नरवर के पास हाइवे पर एक युवक की मौत हो गई। दूसरा गंभीर घायल हो गया।
हादसे में नरवर निवासी धर्मेंद्र पिता शंकरलाल (40) की मौत हो गई जबकि उसका साथी नरवर पिता देवीलाल गंभीर घायल है। दोनों सेंट्रिंग का काम करते हैं और सुबह करीब 9 बजे घर से उज्जैन आने के लिए बाइक से निकले थे। नरवर से हाइवे पर आते ही सड़क क्रास करते वक्त डंपर ने उन्हेें टक्कर मार दी। दर्दनाक हादसे में धर्मेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। रोशन को गंभीर हालत में चरक अस्पताल जाया गया। जहां उसका इलाज चल रहा है।

तूफान की टक्कर से बाइक सवार दोस्तों की मौत, काम पर जा रहे थे
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। नागदा-उन्हेल मार्ग पर मोहनपुरा ब्रिज के पास रविवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। एक तेज रफ्तार तूफान ने बाइक सवार दो दोस्तों को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
महाकाल पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान किशन उर्फ विशाल (26) पिता रामभरण बौरासी और विक्रम (38) पिता मदनदास बैरागी के रूप में हुई है। दोनों मुरलीपुरा के निवासी थे और पेशे से मजदूर थे। रविवार सुबह वे अपनी बाइक से काम के लिए निकले थे, तभी हादसे का शिकार हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, भैरवगढ़ की ओर से आ रहे तूफान वाहन (क्रमांक एमपी 09 बीडी 6033) ने बाइक को सामने से टक्कर मारी। दुर्घटना की सूचना मिलते ही महाकाल पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को चरक अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने दुर्घटनास्थल से तूफान वाहन को जब्त कर लिया है और गाड़ी के नंबर के आधार पर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। सोमवार दोपहर को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। टीआई गगन बादल ने बताया कि मौके से तूफान गाड़ी जब्त कर ली है।
वेल्डिंग कंपनी में पहली मंजिल से गिरा श्रमिक, मौत
उज्जैन। मक्सी रोड स्थित उद्योगपुरी क्षेत्र की एक वेल्डिंग मशीन बनाने वाली कंपनी में काम करने वाले एक 24 वर्षीय युवक की सीढिय़ों से गिरकर मौत हो गई। हादसा कार्यस्थल पर काम के दौरान हुआ। परिजन फैक्ट्री प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगा रहा है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार अतिरिक्त विश्वबैंक कॉलोनी का सुनील सोलंकी पिता राधेश्याम सोलंकी मक्सी रोड उद्योगपुरी स्थित कंपनी में कार्यरत था। वह कंपनी में काम कर रहा था, तभी शुक्रवार को अचानक असंतुलित होकर पहली मंजिल से नीचे गिर गया। सुनील को गंभीर चोटें आई थीं।
निजी अस्पताल में इलाज के दौरान रविवार शाम को उसने दम तोड़ दिया। पंवासा थाना पुलिस ने इस संबंध में मर्ग कायम कर लिया है। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। सुनील के भाई मनोज ने फैक्ट्री प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि इलाज के भी उनके द्वारा लापरवाही बरती गई और परिवारजनों को घटना की जानकारी दिए बिना ही अस्पताल ले आए।









