20 से आउटसोर्स कर्मचारी करेंगे रेलवे पूछताछ काउंटर का संचालन

रतलाम मंडल का बड़ा फैसला : उज्जैन-इंदौर सहित 9 प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर 24 घंटे रहेगी पूछताछ सेवा
कैडर के 37 रेल कर्मचारी अब ट्रेनों और टिकट जांच के मूल काम में लौटेंगे
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। रतलाम मंडल के 9 प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर स्थित 10 पूछताछ काउंटरों का संचालन २० जुलाई से निजी हाथों में होगा। रतलाम मंडल पूछताछ केंद्र आउटसोर्स पर सौंपने वाला पश्चिम रेलवे का पहला मंडल बन गया है। इंदौर, रतलाम, उज्जैन, दाहोद, नीमच, चित्तौडग़ढ़, देवास, नागदा तथा डॉ. अंबेडकर नगर रेलवे स्टेशनों पर पूछताछ केंद्रों का संचालन हैदराबाद की मेगा कंस्ट्रक्शन कंपनी को सौंपा गया है। इसके टेंडर और वर्क ऑर्डर दोनों हो गए हैं। एजेंसी कर्मचारियों की ट्रेनिंग शुरू हो गई है। उन्हें यात्री सहायता, संचालन और प्रक्रियाओं का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
क्यों लिया यह निर्णय?
दरअसल मौजूदा पूछताछ काउंटर टिकट चैकिंग एवं रिजर्वेशन कैडर के 37 रेल कर्मचारी संभाल रहे हैं, जो सीधी जानकारी देने, कोच गाइडेंस डिस्प्ले और ट्रेनों के अनाउंसमेंट के काम देख रहे थे।। दूसरी ओर, टिकट चैकिंग कैडर में पद खाली हैं। इस वजह से ट्रेन चैकिंग का काम ठीक से नहीं हो रहा है। यहां से फ्री हुए कर्मचारियों को चैकिंग और दूसरी ड्यूटी पर लगाया जाएगा।
अनुभवी और दक्ष होगा स्टाफ
पीआरओ मुकेश कुमार ने बताया निजी एजेंसी ९ स्टेशनों पर 40 कर्मचारियों की तैनाती करेगी। इनमें से प्रत्येक कर्मचारी के पास कम से कम एक साल का अनुभव होगा। यह स्थानीय भाषा, हिंदी और अंग्रेजी में दक्ष होंगे।
ये जिम्मेदारियां संभालेंगे निजी कर्मचारी
यात्रियों को प्रत्यक्ष पूछताछ सुविधा और स्टेशन की सुविधाओं की जानकारी देना।
कोच एवं ट्रेन इंडिकेटर बोर्ड का संचालन और मैनुअल/स्वचालित अनाउंसमेंट करना।
आवश्यकता पडऩे पर दिव्यांग और वरिष्ठ नागरिक यात्रियों की सहायता करना।
स्टेशन पर यात्रियों की संख्या, ट्रेनों के आगमन-प्रस्थान और प्लेटफॉर्म उपयोग से जुड़े आंकड़ों का संकलन करना, जिससे भविष्य में क्राउड मैनेजमेंट की बेहतर योजना बनाई जा सके।









