उज्जैन में पैक्स ने हासिल नहीं किया लक्ष्य, डिप्टी कमिश्नर और डीसीबी प्रबंधक का वेतन रोका

कृषि, उद्यानिकी और पशुपालन विभाग की मीटिंग में तीखे दिखे संभागायुक्त के तेवर
उज्जैन। पैक्स (प्राथमिक सहकारी संस्था) के कारोबार का टारगेट पूरा नहीं करने पर संभागायुक्त आशीषसिंह ने उज्जैन जिला सहकारी बैंक के महाप्रबंधक और सहकारिता विभाग के उपायुक्त के 15-15 दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए हैं। संभागायुक्त बुधवार को कृषि, उद्यानिकी और पशुपालन विभाग के कामकाज की समीक्षा कर रहे थे। इसमें ही समीक्षा के दौरान गड़बड़ी मिलने पर उन्होंने वेतन काटने का आदेश दिया।
खाद का स्टोरेज करने के निर्देश
रबी सीजन को देखते हुए कमिश्नर ने खाद का स्टोरेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभी से रैक की डिमांड तैयार रखें। बैठक में उर्वरक और कीटनाशकों की कालाबाजारी व जमाखोरी पर सख्ती से नियंत्रण करने की हिदायत दी गई। आयुक्त ने बीज एवं कीटनाशक की व्यवस्था पर नजर रखने, खेती मिशन के तहत नैचुरल खेती का क्षेत्रफल बढ़ाने के निर्देश दिए।
कमिश्नर ने कहा कि टारगेट हासिल नहीं करने वाले अफसर और कर्मचारी पर कार्रवाई होगी।
उद्यानिकी विभाग की शेडनेट हाउस, पॉली हाउस के लक्ष्य की समीक्षा भी की गई।
शाजापुर और मंदसौर जिले में कर्ज वितरण की गति कम होने पर नाराजगी जताई गई और लक्ष्य प्राप्त करने के निर्देश दिए गए।
पैक्स सदस्यता के लिए अभियान चलाने, सहकारी दुग्ध समितियों के खाते सहकारी बैंकों में खोले जाने, सोयाबीन भावांतर भुगतान योजना की तैयारी पूरी करने, ई-मंडी व एमपी फार्म गेट एप से फसल बेचने की सुविधा के लिए रजिस्ट्रेशन कराने पर जोर दिया गया।
संभागायुक्त ने सहकारिता विभाग को कर्ज वितरण बढ़ाने व एग्रीकल्चर टर्म लोन बढ़ाने पर फोकस करने का कहा।
मत्स्य व पशुपालन विभाग के अधिकारियों के कामकाज की समीक्षा भी की गई।









