Advertisement

चलती ट्रेन से गिरी डेढ़ साल की बच्ची, यात्रियों ने चेन पुलिंग कर बचाया

कटनी-जबलपुर के बीच 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ रही पवन एक्सप्रेस से गिरी बच्ची, मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया

Advertisement

जबलपुर। पवन एक्सप्रेस में मां के साथ सफर कर रही डेढ़ साल की बच्ची चलती ट्रेन से अचानक नीचे गिर गई। घटना 15 सितंबर को कटनी-जबलपुर के बीच हुई। उस समय ट्रेन करीब 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही थी। बच्ची इमरजेंसी खिड़की से करीब 8 फीट नीचे नुकीली गिट्टियों पर जा गिरी। यात्रियों ने तुरंत चेन पुलिंग कर ट्रेन रुकाई और ट्रैक पर दौड़कर बच्ची को उठाया।

बच्ची के सिर, पीठ, हाथ-पैर में चोटें आईं और शरीर से खून निकल रहा था। इसके बाद उसे जबलपुर स्टेशन पहुंचने पर उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।

Advertisement

बच्ची कब उठी, मां को पता ही नहीं चला

26 वर्षीय संजीदा खातून मुजफ्फरपुर की रहने वाली हैं। उनके पति मुंबई में नौकरी करते हैं। संजीदा अपनी डेढ़ साल की बेटी के साथ मुजफ्फरपुर से लोकमान्य तिलक टर्मिनल, मुंबई जा रही थीं।

Advertisement

यात्रा के दौरान वह लोअर बर्थ पर बच्ची को साइड में लिटाकर मोबाइल देख रही थीं। इसी दौरान बच्ची उठी और इमरजेंसी खिड़की की रॉड पकड़कर खड़ी हो गई। अचानक ट्रेन के झटके से वह खिड़की से बाहर जा गिरी।

बच्ची के अचानक गायब होने पर मां को पहले कुछ समझ नहीं आया। आसपास मौजूद यात्रियों ने बच्ची के ट्रेन से बाहर गिरने की आशंका जताई। इसके बाद यात्रियों ने तुरंत चेन पुलिंग कर ट्रेन रुकाई।

रॉड कम होने से खुली जगह से गिरी बच्ची

यात्रियों के मुताबिक, इमरजेंसी खिड़की में सामान्य खिड़की की तुलना में कम रॉड लगी हुई थीं। बच्ची रॉड पकड़कर खड़े होने की कोशिश कर रही थी, तभी ट्रेन के झटके से वह खुली जगह से बाहर गिर गई।

ट्रेन की रफ्तार करीब 70 किमी प्रति घंटा थी और बच्ची लगभग 8 फीट नीचे नुकीली गिट्टियों पर गिरी। इसके बावजूद यात्रियों ने उसे जल्द ट्रैक से उठाकर सुरक्षित किया। कई यात्रियों ने बच्ची के बचने को चमत्कार बताया।

जबलपुर में मेडिकल कॉलेज किया गया रेफर

ट्रेन जबलपुर स्टेशन पहुंची तो आरपीएफ और कमर्शियल विभाग की टीम ने बच्ची को अटेंड किया। उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।

संजीदा ने बताया कि जबलपुर में उनका कोई परिचित नहीं है और वह बच्ची का आगे का इलाज मुंबई में कराना चाहती हैं। इसके बाद रेल प्रबंधन ने मां-बेटी को दूसरी ट्रेन से मुंबई रवाना किया।

आरपीएफ पोस्ट प्रभारी राजीव खरब के अनुसार, घटना कटनी स्टेशन से ट्रेन के रवाना होने के दौरान हुई। बच्ची के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई थीं, जिसके कारण उसे मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।

Related Articles

📢 पूरी खबर पढ़ने के लिए

बेहतर अनुभव के लिए ऐप का उपयोग करें

ऐप में पढ़ें
ऐप खोलें
ब्राउज़र में जारी रखें