Advertisement

मक्सी में शांति, कल नहीं लगेगा हाट

बायपास से निकले वाहन, धारा 163 लागू, पुलिस फोर्स कर रहे निगरानी

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

Advertisement

आज भी नहीं खुली दुकानें….

अक्षरविश्व न्यूज शाजापुर। मक्सी में बुधवार रात को दो पक्षों में हुए विवाद के बाद अब शांति है। गोली लगने से मृत युवक का भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मक्सी के बड़ली मोहल्ला से जनाजा निकालकर सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया। शुक्रवार को भी दिनभर नगर के बाजार बंद रहे और तनाव बना रहा। स्पेशल टास्क फोर्स ने नगर में गश्त की। पुलिस ने अब तक उपद्रव मामले में दो आरोपियों को हिरासत में लिया है। अन्य आरोपियों की सर्चिंग की जा रही है।

Advertisement

शुक्रवार को भी सुबह बाजार पूरी तरह से नहीं खुले। यहां शाजापुर, आगर, उज्जैन और देवास का पुलिस फोर्स तैनात है। बस स्टैंड भी खाली रहा। स्कूल बंद रहे। प्रशासन ने 28 सितंबर तक इलाके में धारा 163 लगाई है। उपद्रव में घायल जुनैद पिता साबिर खान की हालत नाजुक बताई जा रही है। एसपी यशपालसिंह का कहना है कि नगर में शांति बनी हुई है, पुलिस बल जगह-जगह तैनात है। शनिवार को मक्सी में लगने वाला हाट नहीं लगाया जाएगा। पुलिस सुरक्षा सख्त रखी जा रही है। फरार आरोपियों की तलाश जोर-शोर से की जा रही है।

पुलिस कार्रवाई करती तो विवाद नहीं बढ़ता

Advertisement

इधर मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया कि आरोपियों को पुलिस प्रशासन का संरक्षण है। 24 सितंबर को आवेदन दिया था, पुलिस तभी कार्रवाई कर लेती तो इतना बड़ा विवाद नहीं होता। प्रशासन ने राजनीतिक दबाव में उन्हें खुला संरक्षण दिया, जिसके चलते आरोपियों ने पथराव और फायरिंग की। हमने परिवार के एक सदस्य को खो दिया और 7 लोग घायल हैं।

उपद्रव मामले में हुई एफआईआर

जावेद की शिकायत पर मक्सी पुलिस ने मोहन उर्फ कालू पटेल, महेंद्र पटेल उर्फ खाटू, अरुण पटेल, सुमित पटेल, राहुल जैन, बिटू उर्फ गौतम जैन, अर्जुन पटेल, कुलदीप खाती, जोयैब सफीक, समीर खान और अन्य 10-15 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। इसी मामले में दूसरी एफआईआर अबुजर खान ने दर्ज कराई है। मक्सी पुलिस ने सुनील पटेल, संदीप पटेल, सचिन प्रजापति, आशीष पटेल, अमर पटेल, कालू पटेल, महेंद्र उर्फ खाटू पटेल, अरुण पटेल, अर्जुन पटेल, गौतम जैन उर्फ बिड्ड के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। उपद्रव कर रहे लोगों के हाथों में कट्टे, तलवारें और पाइप थे। पुलिस ने स्थिति को काबू में किया। इसके बाद फोर्स तैनात कर दिया गया। अभी तक दो लोगों को हिरासत में लिया है।

पशु एवं हाट बाजार पूर्णत: प्रतिबंधित किया

अनुविभागीय दण्डाधिकारी अनुभाग शाजापुर मनीषा वास्कले ने बताया कि शाजापुर जिले के कस्बा मक्सी क्षेत्र में 26 सितंबर से 28 सितंबर दोपहर 3 बजे तक भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 प्रभावशील होने से 500 मीटर दायरे में 4 या 4 से अधिक व्यक्ति का समूह किसी भी स्थान पर एक समय मे एकत्रित नही हो सकता है। इसे दृष्टिगत रखते हुए 28 सितंबर को कस्बा मक्सी में लगने वाला पशु बाजार एवं हाट बाजार पूर्णत: प्रतिबंधित किया गया है।

Related Articles