डीजे के शोर और आवास की शिकायत लेकर पहुंचे लोग

प्रशासन रहा व्यस्त, अपर कलेक्टर ने की जनसुनवाई
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। प्रशासनिक अमले के शाही मस्जिद मसले में व्यस्त रहने के कारण मंगलवार को प्रशासनिक जनसुनवाई अपर कलेक्टर शाश्वत शर्मा ने की। इसमें डीजे के शोर से लेकर आवासीय योजना का लाभ नहीं मिलने तक की शिकायत पहुंची। प्रशासनिक संकुल भवन सभाकक्ष हुई जनसुनवाई में संबंधितों को कार्रवाई के निदेश दिए गए।
केस 1- उज्जैन के गणगौर दरवाजा, सिद्धसेन मार्ग निवासी रवींद्र त्रिवेदी ने क्षेत्र में डीजे के शोर से होने वाली परेशानी की शिकायत की। त्रिवेदी का कहना था कि तय डेसीबल से अधिक आवाज में डीजे/बैंड बजाए जा रहे हैं। ध्वनि प्रदूषण से बुजुर्ग, हार्ट पेशेंट और बच्चों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
निर्देश- थाना प्रभारी खाराकुआं नियमानुसार कार्रवाई करेंगे।
केस 2- दूसरा मामला तराना तहसील के कांवलीखेड़ा का था। यहां गरीबी रेखा के नीचे जीवन यापन करने वाले एक शख्स ने पात्रता के बाद भी आवासीय योजना का लाभ नहीं मिलने की शिकायत की।
निर्देश- तहसीलदार तराना कार्रवाई करेंगे।
केस 3- झारड़ा के बाबू खान ने भी गांव में आवासीय पट्टा मांगा।
निर्देश- तहसीलदार झारड़ा कार्रवाई करेंगे।
केस 4- बडऩगर के बाबूलाल ने सीमांकन के बावजूद उनकी कृषि भूमि पर किए गए अवैध कब्जे को नहीं हटाने का मसला सामने रखा।
निर्देश- एसडीएम बडऩगर जांच और उचित कार्रवाई करेंगे।
केस 5- तराना के भगवान सिंह ने उनके खेत जाने के रास्ते पर अतिक्रमण की शिकायत की। रास्ते में अतिक्रमणकर्ता ने बाड़ भी लगा दी है।
निर्देश- तहसीलदार माकड़ौन आवश्यक कार्रवाई करेंगे।









