फ्रीगंज ओवरब्रिज की नई पाइप लाइन के लिए पीएचई लेगा शटडाउन

चामुंडा माता की ओर लाइन शिफ्ट करने की तैयारी, पानी की सप्लाई होगी प्रभावित

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। फ्रीगंज में नया फोरलेन ओवरब्रिज बनाने का काम तेज हो गया है। फिलहाल रेल पटरियों के दोनों ओर पियर्स बनाने का काम चल रहा है। पुराने ओवरब्रिज से होकर गुजर रही पेयजल सप्लाई की लाइन को शिफ्ट करने का काम भी शुरू हो गया है। इसके लिए चामुंडा माता मंदिर की ओर काम शुरू कर दिया गया है। पीएचई इसके लिए एक-दो दिन में शटडाउन लेगा यानी इस दौरान पानी सप्लाई बंद रहेगी।
फ्रीगंज में नया फोरलेन जल्द बनकर तैयार होगा। अभी चामुंड माता मंदिर की ओर काम युद्धस्तर पर किया जा रहा है। इसी क्रम में पीएचई की पेयजल लाइन को भी शिफ्ट करने की कवायद शुरू कर दी गई है। इसके लिए पीएचई शटडाउन लेगा। पहले चामुंडा माता मंदिर की तरफ फिर फ्रीगंज साइड की लाइन शिफ्ट की जाएगी। इस दौरान पेयजल की सप्लाई बंद रखी जाएगी ताकि ओवरब्रिज का काम तेज रफ्तार से किया जा सके।
पीडब्ल्यूडी द्वारा इसका काम 71 करोड़ की लागत से किया जा रहा है। इसकी चौड़ाई 21.40 मीटर होगी। इसके बनने से सिंहस्थ 2028 में भीड़ प्रबंधन हो सकेगा और शहर को बड़ी सौगात मिल जाएगी।
मक्सी रोड शाखा का ट्रैफिक भी हो सकता बंद
ओवरब्रिज निर्माण के लिए फ्रीगंज ओवरब्रिज की मक्सी रोड शाखा का ट्रैफिक भी बंद किया जाएगा। इस दौरान ट्रैफिक डायवर्ट किया जाएगा। अभी इसकी तारीख तय नहीं की जा सकी है।









