घर के सामने कच्ची नाली ट्रिमिंग के नाम पर काटे पौधे

मानसून की मुसीबत
उज्जैन। मानसूनी सीजन लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गया है। कहीं घरों के सामने खुली पड़ी नाली दिक्कत दे रही है तो कहीं ट्रिमिंग के नाम पर पेड़ काट दिए गए हैं।
किचन के सामने नाली, बदबू से परेशान
वार्ड नंबर 14 में निकास चौराहा से केडी गेट तक चल रहे चौड़ीकरण काम में अधूरा नाला-नाली निर्माण लोगों के लिए परेशानी बना हुआ है। खजूरवाली मस्जिद में कई लोगों के किचन मकान के सामने वाले हिस्से में ही हैं, ऐसे में खुली नाली से आने वाली बदबू से वह परेशान हैं। क्षेत्र की नीलो नाज कहती हैं कि किचन की खिड़की खोलते ही बदबू के झोंके लगते हैं। नाली की सफाई भी ठीक से नहीं होती। वार्ड नंबर 14 से शाहीन मुजीब सुपारी वाला पार्षद हैं। उनका काम पति ही देखते हैं। नीलो के मुताबिक कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या हल नहीं हो रही है।
लालपुल-नृसिंह घाट रोड पर पौधों को नुकसान
बारिश का सीजन पौधों की देखभाल का होता है और इस मौसम में पौधे लगाए जाते हैं लेकिन लालपुल-नृसिंह घाट पर डिवाइडर के बीच लगे सजावटी पौधों को छंटनी (ट्रिमिंग) के नाम पर खत्म कर दिया गया है। कई पौधें तो तने से ही खत्म हो गए हैं, कुछ में सिर्फ पत्तियां ही बची हैं।
भार्गव मार्ग के रहवासी बिजली गुल होने से परेशान
भार्गव मार्ग के रहवासी इन दिनों बिजली गुल होने से परेशान हैं। सड़क चौड़ीकरण काम के चलते इस मार्ग पर बड़े पैमाने पर काम हो रहा है। इसके चलते दिन-दिनभर बिजली बंद की जा रही है। ऐसे में व्यापारियों और रहवासियों को दिक्कत हो रही है।
अपने वार्ड की समस्या हमें भेजें
अगर आप भी अपने वार्ड में सड़क, गंदगी, कीचड़, पानी, बिजली की समस्या का सामना कर रहे हैं तो अपनी समस्या हमें भेजिए। इसे हम जिम्मेदारों तक पहुंचाएंगे। सूचना हमें मोबाइल नंबर 9826311828 पर दे सकते हैं।









