PM मोदी बोले : जंग जारी रही तो होंगे गंभीर परिणाम,आने वाला समय देश की सबसे बड़ी परीक्षा लेगा

नई दिल्ली। नरेंद्र मोदी ने पश्चिम एशिया के मौजूदा हालात पर राज्यसभा में मंगलवार को 21 मिनट के संबोधन में गंभीर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि यदि अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच जंग जारी रहती है, तो इसके व्यापक दुष्परिणाम सामने आ सकते हैं। आने वाला समय देश की सबसे बड़ी परीक्षा होगा, जिसमें राज्यों के सहयोग से “टीम इंडिया” की तरह काम करना होगा।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe
प्रधानमंत्री ने बताया कि होर्मुज स्ट्रेट में भारतीय जहाज और क्रू फंसे हुए हैं, जो चिंता का विषय है। इस संकट से भारत के व्यापारिक मार्ग प्रभावित हो रहे हैं और पेट्रोल-डीजल, गैस तथा फर्टिलाइजर जैसी जरूरी वस्तुओं की सप्लाई पर असर पड़ा है।
एक दिन पहले लोकसभा में दिए गए अपने संबोधन का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इस युद्ध के कारण वैश्विक स्तर पर बने हालात का असर लंबे समय तक रह सकता है। ऐसे में देश को पहले से तैयार रहना होगा, जैसे कोरोना काल में एकजुटता से चुनौतियों का सामना किया गया था।
राज्यों से सहयोग की अपील
प्रधानमंत्री ने कहा कि ऐसे संकट में गरीबों और श्रमिकों पर सबसे अधिक असर पड़ता है। उन्होंने राज्य सरकारों से अपील की कि वे प्रधानमंत्री गरीब अन्न कल्याण योजना का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाना सुनिश्चित करें। साथ ही कालाबाजारी और जमाखोरी पर सख्त कार्रवाई करने को कहा।
किसानों को आश्वासन
उन्होंने किसानों को भरोसा दिलाया कि आगामी बुआई सीजन में खाद की कमी नहीं होने दी जाएगी। सरकार ने पर्याप्त सप्लाई के लिए तैयारी कर ली है और हर चुनौती में किसानों के साथ खड़ी है।
महंगाई और सप्लाई पर फोकस
प्रधानमंत्री ने बताया कि कोरोना काल की तरह इस बार भी 7 एम्पॉवर्ड ग्रुप बनाए गए हैं, जो सप्लाई चेन, पेट्रोल-डीजल, गैस, फर्टिलाइजर और महंगाई जैसे मुद्दों पर त्वरित रणनीति के साथ काम करेंगे।
विदेशों में भारतीयों की सुरक्षा
पीएम मोदी ने कहा कि देश-विदेश में भारतीयों की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता है। अब तक 3.75 लाख से अधिक भारतीय सुरक्षित वापस लौट चुके हैं, जिनमें ईरान से लौटे एक हजार से ज्यादा लोग शामिल हैं। कुछ भारतीयों की मौत पर उन्होंने दुख जताया और प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता देने की बात कही।प्रधानमंत्री ने दोहराया कि संकट कितना भी बड़ा क्यों न हो, भारत की आर्थिक गति बनाए रखना हम सभी की साझा जिम्मेदारी है।









