महाकाल मंदिर के लिए रोप वे का भूमिपूजन प्रधानमंत्री मोदी करेंगे

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने की बदनावर में घोषणा

ओंकारेश्वर में बनेगा विश्व का बेहतरीन आइकॉनिक ब्रिज
उज्जैन। महाकाल नगरी उज्जैन में रेलवे स्टेशन से महाकाल मंदिर तक जाने के लिए रोप वे प्रोजक्ट का भूमिपूजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। ओंकारेश्वर में विश्व का बेहतरीन आइकॉनिक ब्रिज बनाया जाएगा। ये घोषणा गुरुवार को केंद्रीय सड़क और भूतल परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने की। उन्होंने कहा आने वाले दो साल में मध्यप्रदेश का नेशनल हाईवे सेक्टर अमेरिका से अच्छा बनेगा।
बदनावर में आयोजित समारोह में गडकरी ने ६९.१ किलोमीटर लंबे उज्जैन बदनावर फोरलेन का लोकार्पण करते हुए ये घोषणाएं की। समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, पीडब्ल्यूडी मंत्री राकेश सिंह आदि मौजूद थे। केंद्रीय मंत्री गडकरी ने कहा मध्यप्रदेश में सरकार द्वारा छह रोप वे १२०० करोड़ लागत से बनाए जा रहे हैं। उज्जैन में महाकाल मंदिर जाने के लिए रोप वे का अवार्ड कर दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से इसका भूमिपूजन करने के लिए अनुरोध किया है। जल्द ही वे आने वाले हैं और इसका भूमिपूजन करेंगे। सेंट्रल रोड फंड में १२०० करोड़ रुपए के प्रस्तावित कार्यों की घोषणा की।
अब वजन बढ़ रहा है, सड़क वापस ले जाना पड़ेगी…!
गडकरी ने उज्जैन सांसद अनिल फिरोजिया से कहा मैंने कहा था कि जितना वजन घटाआगे उतना फंड सड़क निर्माण के लिए दूंगा, लेकिन अब वजन बढ़ रहा है इसलिए सड़क वापस के जाना पड़ेगी। फिर कहा ये तो मजाक की बात है। सरकार मध्यप्रदेश के विकास के लिए निरन्तर काम करती रहेगी।
उज्जैन आए गडकरी, महाकाल मंदिर पहुंचे…
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव हेलिकॉप्टर से उज्जैन पहुंचे और सीधे महाकाल मंदिर पहुंचे। जहां दर्शन पूजन किया। इसके पहले हेलिपेड पर विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, सतीश मालवीय, चिंतामन मालवीय, महापौर मुकेश टटवाल, नगर निगम सभापति, कलावती यादव, पूर्व सांसद सत्यनारायण जटिया, जिला अध्यक्ष संजय अग्रवाल, ग्रामीण अध्यक्ष राजेश धाकड़, संभाग आयुक्त संजय गुप्ता, आईजी उमेश जोगा, कलेक्टर नीरज कुमार सिंह ने स्वागत किया।









