हरिफाटक ओवरब्रिज के नीचे फूटी पीएनजी पाइपलाइन, तीन घंटे तक ठप रही सप्लाई

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। विवेकानंद नगर और शास्त्रीनगर कॉलोनी के करीब १०० से ज्यादा पीएनजी उपभोक्ता बुधवार को उस समय भौंचक रह गए, जब उन्होंने शाम के समय खाना तैयार करने के लिए गैस स्टोवह चालू किए। उनके कनेक्शन बंद थे। करीब तीन घंटे तक गैस आपूर्ति ठप रही।
दरअसल, हरिफाटक ओवरब्रिज के नीचे अंडरपास खुदाई के लिए खुदाई कर रहे पोकलेन चालक ने असावधानी बरती और गैस पाइपलाइन पर पंजा मार दिया। शाम करीब 4 बजे इसके चलते गैस कनेक्शन ठप होने शुरू हो गए। यहां से शास्त्रीनगर, विवेकानंद कॉलोनी, सत्यम अपार्टमेंट, विष्णुपुरा और सिंधी कॉलोनी तरफ लाइन जाती है। यहां अवंतिका पीएनजी कंपनी के करीब 300 कनेक्शन हैं, इनमें से 100 से ज्यादा बंद हो गए। ग्राहकों ने गैस कंपनी के अफसरों को कॉल किए और इसके बाद मरम्मत का काम शुरू हुआ। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद गैस लाइन की मरम्मत हो सकी। इसके बाद कनेक्शन चालू हो सके।
सेटिंग गड़बड़ा गई
हालांकि गैस कनेक्शन उपभोक्तताओं की परेशानी इस लिए और बढ़ गई कि उनके कनेक्शन की सेटिंग गड़बड़ा गई थी। ऐसे में कंपनी कर्मचारी फोन पर या ग्राहक के घर पहुंचे और फिर से सेटिंग की।
कलेक्टर को देंगे ज्ञापन
शहर में खुदाई के दौरान असावधानी बरतते हुए खुदाई करने से गैस कंपनी के अफसर परेशान हैं। मरम्मत का भारी-भरकम खर्च और ग्राहकों की परेशानी को देखते हुए वह कलेक्टर को लेटर देने जा रहे हैं। इसमें खुदाई करते समय निर्माण एजेंसी को अतिरिक्त सावधानी बरतने की हिदायत देने की मांग की जाएगी।
कुछ दिन पहले गोवर्धनधाम नगर में फूटी थी लाइन
कुछ दिन पहले गोवर्धनधाम नगर में सीवरेज प्रोजेक्ट कर रही एनपी पटेल के जेसीबी चालक ने गैस और पाइपलाइन दोनों तोड़ दी थी। इस वजह से करीब 500 कनेक्शन 16 घंटे से ज्यादा बंद रहे थे। यहां फॉल्ट तलाशने में भी कंपनी कर्मचारियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी थी।









