17 घंटे बाद सुधरी गोवर्धन नगर में पीएनजी पाइप लाइन, 3 मोटर पंप से निकाला पानी

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। सीवेरज खुदाई के कारण गोवर्धननगर में फूटी पीएनजी पाइपलाइन से जुड़े करीब 500 कनेक्शन 17 घंटे बाद शुक्रवार सुबह १० बजे शुरू हुए। इस दौरान गड्ढे का पानी तोडऩे के लिए तीन मोटर पंप से पानी निकाला गया। दरअसल, सीवरेज प्रोजेक्ट का काम कर रही एनपी पटेल कंपनी के जेसीबी चालक ने गुरुवार शाम 6 बजे गोवर्धननगर क्षेत्र में अवंतिका गैस कंपनी की पीएनजी लाइन फोड़ दी थी। जेसीबी ने पाइपलाइन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया था।
अवंतिका गैस कंपनी की टीम इंजीनियर योगेश कुमार के नेतृत्व में रात भर से मरम्मत में जुटी थी लेकिन पाइपलाइन और गड्ढा गहरा होने से पानी की आवक थमने का नाम नहीं ले रही थी। हाल यह था कि शुक्रवार सुबह तक फॉल्ट वाली जगह नहीं मिली थी। ऐसे में सुबह 9 बजे तीन मोटर पंप बुलाए गए और इन्हें एक साथ चलाकर गड्ढे का पानी खाली कराया गया। सुबह 9.30 बजे तक पानी खाली हुआ तो कंपनी कर्मचारियों ने फॉल्ट वाली जगह ढूंढी, फिर मरम्मत का काम शुरू किया। करीब एक घंटे में यह काम पूरा हो गया। चैकिंग और अन्य प्रोसेस पूरी होते-होते 11 बज गए।
इसके बाद लाइन चालू कर दी गई। इंजीनियर योगेश कुमार ने बताया कि सारे कनेक्शन चालू हो गए हैं। लोगों को काफी परेशानी आई क्षेत्रीय रहवासी शैलेंद्र कुशवाह ने बताया कि करीब 17 घंटे बाद गैस की सप्लाई शुरू हो गई। हालांकि इस दौरान लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। खासकर उन परिवारों को जहां स्कूली बच्चे हैं। बच्चों को लंच बॉक्स में दूसरी सामग्री ले जानी पड़ी। कई घरों में सुबह का नाश्ता और चाय भी बाजार से बुलानी पड़ी।









