खेत में मिले महिला-पुरुष के शव मामले में उलझन में फंसी पुलिस

प्रेम प्रसंग सहित अन्य पहलुओं पर टिकी जांच

उज्जैन। राघवी थाने के ब्राह्मणखेड़ा में गुरुवार को खेत में लहूलुहान हालत में मिले महिला एवं पुरुष के शव के मामले ने पुलिस को उलझन में डाल दिया है। दोनों के बीच प्रेम-प्रसंग था लेकिन दोनों के परिवार को इस पर आपत्ति नहीं थी। ऐसे में पुलिस अन्य बिंदू पर भी काम कर रही है।
गुरुवार को बेलाखेड़ा के रहने वाले कालूराम वर्मा (35) और मंजू शर्मा (42) के शव खेत में मिले थे। दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे। कालूराम अविवाहित था, जबकि मंजू विवाहित। मंजू का पति सत्यनारायण हलवाई का काम करता है। दोनों के सिर पर गंभीर चोट के निशान थे और मामला प्रथम दृष्टया ही हत्या का नजर आ रहा था। पेशे से नाई कालूराम की बाइक शव के नजदीक ही पड़ी थी। जिससे ऐसा प्रतीत हो रहा है कि दोनों घटना के वक्त कहीं जा रहे थे, इस बीच उन पर हमला हुआ हो।
मौके पर डीएसपी जेडेन लिंगजेरपा (आईपीएस), आईपीएस करनदीपसिंह और राघवी थाना प्रभारी वीरेंद्रसिंह बंदेवार भी पहुंचे थे। टीआई बंदेवार ने बताया कि दोहरे हत्याकांड के पीछे के कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। मृतकों के परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।
गांव में दोनों के संबंधों को लेकर चल रही चर्चाओं को भी जांच के दायरे में रखा गया है। हालांकि दोनों के ही परिवार को संबंधों को लेकर आपत्ति नहीं थी। इसलिए मामला पेचीदा हो गया है। पति सत्यनारायण सहित तीन अन्य लोगों से भी पूछताछ की गई है, पर अभी तक कोई नतीजा नहीं निकला है।
पीएम रिपोर्ट का इंतजार
डीएसपी जेडेन लिंगजेरपा का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों और समय का सटीक खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक जांच के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस ऑनर किलिंग सहित सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर तफ्तीश आगे बढ़ा रही है। शुक्रवार को पीएम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। टीआई ने बताया कि अंतिम संस्कार होने के बाद फिर से पूछताछ की जाएगी। फिलहाल मामला उलझन भरा है।









