अचानक लापता हुई नाबालिग, गांव से ही पुलिस को मिली

उज्जैन। भाटपचलाना थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खरसौदकलां की रहने वाली नाबालिग अचानक लापता हो गई जिसे कुछ ही देर में पुलिस ने गांव से ही ढूंढ निकाला और फिर परिजनों के सुपुर्द कर दिया।

पुलिस ने बताया कि शनिवार को ग्राम खरसौदकला के रहने वाले फरियादी ने रिपोर्ट दर्ज करवाई। इसमें बताया कि उसकी नाबालिग बेटी मंडी प्रांगण में खेलने गई थ जो दोपहर करीब 2 बजे लापता हो गई। परिजनों ने आसपास तलाश किया लेकिन उसका पता नहीं चला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। टीआई सतेंद्र सिंह चौधरी ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया।
मंडी प्रांगण, रहवासी क्षेत्रों, संभावित मार्गों, सार्वजनिक स्थलों एवं आसपास की गलियों में तलाश की गई। इसके अलावा वहां रहने वाले लोगों से भी जानकारी ली। इस बीच गांव से ही बालिका का सकुशल दस्तयाब किया गया। इसके बाद उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने आमजनों से अपील की कि वह अपने नाबालिग बच्चों की गतिविधियों पर विशेष ध्यान रखें तथा किसी भी प्रकार की संदिग्ध अथवा आपात स्थिति में बिना विलंब किए डायल 112 अथवा नजदीकी थाने को सूचना दें।









