पुलिस वैन-कंटेनर की भिड़ंत 4 पुलिसकर्मियों की मौत

सागर: नेशनल हाईवे-44 पर बांदरी के पास भीषण सड़क हादसा
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
सागर। सागर के नेशनल हाईवे-44 पर बांदरी के पास बुधवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां तेज रफ्तार कंटेनर और पुलिस के वाहन में आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसे में पुलिस वाहन में सवार 4 जवानों की मौत हो गई, जबकि एक जवान गंभीर रूप से घायल है। वहीं, टीम में शामिल डॉग सुरक्षित है। जानकारी के अनुसार मुरैना जिले का बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड बालाघाट में ड्यूटी पर तैनात था। पुलिसकर्मी नक्सल विरोधी अभियान में शामिल हुए थे। वहां से वे बीडीडीएस वाहन में सवार होकर वापस मुरैना लौट रहे थे। इसी दौरान नेशनल हाईवे पर बांदरी के पास झिंझनी घाटी पर सामने से आ रहे कंटेनर से पुलिस वाहन की भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि डॉग मास्टर समेत चार जवानों की जान चली गई
कंटेनर और पुलिस वाहन की टक्कर इतनी भीषण थी कि ड्राइवर और जवान गाड़ी के अंदर ही फंस गए। पुलिस वाहन आगे से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। जेसीबी की मदद से वाहन काटकर शवों को बाहर निकाला गया। इसके बाद शवों का पंचनामा बनाकर बांदरी अस्पताल भेजा गया। मृतकों की पहचान जवान प्रद्युमन दीक्षित, अमन कौरव और ड्राइवर परमलाल तोमर (तीनों मुरैना निवासी) के रूप में हुई है। वहीं, चौथे मृतक डॉग मास्टर विनोद शर्मा भिंड के निवासी थे। हादसे में आरक्षक राजीव चौहान (निवासी मुरैना) गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
सीएम ने जताया शोक
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पुलिसकर्मियों के निधन पर शोक जताया है। उन्होंने कहा भीषण सड़क दुर्घटना में 4 पुलिसकर्मियों के निधन का समाचार अत्यंत हृदय विदारक है। उन्होंने दिवंगत पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित की है।
स्लीपर बस के परखच्चे उड़े, चार की मौत
फतेहपुर (सीकर)। सीकर में स्लीपर बस और ट्रक की भीषण भिड़ंत में 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, घायल बस कंडक्टर ने बुधवार सुबह जयपुर में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में कुल 28 लोग घायल हुए थे। इनमें 6 की हालत अब भी गंभीर है। हादसा जयपुर-बीकानेर नेशनल हाईवे पर मंगलवार देर रात 10:40 बजे फतेहपुर के पास हुआ। बस में सवार सभी यात्री वलसाड (गुजरात) के रहने वाले हैं। ये सभी वैष्णो देवी के दर्शन कर लौट रहे थे और खाटूश्यामजी जा रहे थे। बस में करीब 50 लोग सवार थे। जानकारी के अनुसार स्लीपर बस बीकानेर की ओर से जयपुर जा रही थी। वहीं, ट्रक झुंझुनूं से बीकानेर की ओर जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि ट्रक आगे से बस में घुस गया।









