6 साल से था फरार, इंदौर में छुपा पर्स स्नैचिंग का आरोपी गिरफ्तार

5 हजार का इनामी आरोपी रिमांड पर
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। 6 साल से फरार पर्स स्नैचिंग के आरोपी को नानाखेड़ा पुलिस ने इंदौर से पकड़ा है। उस पर 5 हजार रुपए का इनाम घोषित था। यह प्रकरण वर्ष 2019 से लंबित था। नानाखेड़ा पुलिस ने बताया कि 23 जुलाई 2019 को फरियादिया शोभा शर्मा निवासी महाकाल वाणिज्यिक केंद्र ने नानाखेड़ा थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई कि 22 जुलाई 2019 को रात करीब 8.10 बजे जब वह घूमने के लिए पैदल घर से निकली और चार्टेड बस स्टैंड के सामने पहुंती तभी पीछे से बाइक पर आए दो अज्ञात युवकों ने उनके हाथ में पकड़ा छोटा पर्स छीनकर भाग निकले जिसमें मोबाइल रखा था।
पुलिस ने मामले में प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की और 4 नवंबर 2019 एक आरोपी महेश पिता जगदीश चौहान (20) निवासी देलवास, रतलाम को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से मोबाइल और पर्स जब्त किया। पूछताछ में आरोपी महेश ने अपने साथी राहुल पिता मंशाराम मानकर निवासी नरवर हालमुकाम देवासगेट के साथ वारदात को अंजाम देना बताया। पुलिस ने आरोपी राहुल की गिरफ्तारी के लिए कई जगह दबिश दी लेकिन उसका सुराग नहीं मिला। इसके बाद एसपी ने 5 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था।
ऐसे पकड़ में आया
गुरुवार को मुखबिर ने पुलिस को आरोपी राहुल मानकर के इंदौर में छुपे होने की सूचना दी। इसके बाद टीआई नरेंद्र कुमार यादव के निर्देशन में पुलिस टीम ने तत्काल इंदौर में दबिश दी और करीब 6 सालों फरार चल रहे आरोपी राहुल को धरदबोचा। टीआई नरेंद्र कुमार यादव ने बताया कि आरोपी को गुरुवार को कोर्ट में पेश किया जहां से एक दिन के रिमांड पर लिया गया है। उसे शुक्रवार को रिमांड अवधि खत्म होने के बाद फिर से कोर्ट में पेश किया जाएगा।










