कामाख्या एक्सप्रेस में रेलवे टेक्नीशियन को कोच अटेंडर्स ने पीटा, उज्जैन में आया होश

उज्जैन। कामाख्या एक्सप्रेस में रेलवे टेक्नीशियन के साथ कोच अटेंडर्स ने मारपीट कर दी। ट्रेन उज्जैन पहुंची तब उन्हें होश आया। उन्होंने जीआरपी में रिपोर्ट दर्ज कराई।
पुलिस ने बताया कि सुनील कुमार पिता रामकुमार निवासी गायत्री नगर कोच फैक्ट्री भोपाल रेलवे में टेक्नीशियन के पद पर इटारसी में पदस्थ हैं। वह ट्रेन में भोपाल के लिए यात्रा कर रहे थे लेकिन नींद लगने से विदिशा पहुंच गए। भोपाल के लिए वापसी में कामाख्या एक्सप्रेस में बैठ गए।
ट्रेन संत हिरदाराम नगर पहुंची। तो सुनील वॉशरूम में थे। वॉशरूम से वे बाहर निकले तो कोच बी-1 का अटेंडर उनके बैग की तलाशी ले रहा था। सुनील ने उसे रोका तो कोच अटेंडर ने अपने साथियों के साथ मिलकर उनकी पिटाई कर दी। मारपीट में उनकी नाक में गंभीर चोट आई और वह बेहोश हो गए। ट्रेन उज्जैन स्टेशन पहुंची तो उनकी नींद खुली। वह जीआरपी थाने पहुंचे और पुलिस को शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने उनका शासकीय अस्पताल में उपचार कराया और अज्ञात कोच अटेंडर्स के खिलाफ मारपीट का केस दर्ज किया।









