सिंहस्थ के लिए रेलवे की तैयारी तेज, 8 स्टेशनों पर लगेंगे 753 सीसीटीवी कैमरे

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। सिंहस्थ के लिए पश्चिम रेलवे ने अपनी तैयारी तेज कर दी है। इसके तहत उज्जैन सहित 8 रेलवे स्टेशनों पर 753 सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इनमें अकेले उज्जैन स्टेशन पर ही 217 कैमरे लगेंगे।
उज्जैन में केंद्रीकृत कंट्रोल-कम-सीसीटीवी मॉनिटरिंग रूम बनाया जाएगा, जहां से स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म, प्रवेश-निकास मार्ग और भीड़ वाले क्षेत्रों की निगरानी की जाएगी। यात्री सूचना प्रणाली, आधुनिक उद्घोषणा व्यवस्था और ऑप्टिकल फाइबर नेटवर्क को भी मजबूत किया जा रहा है।
सिंहस्थ के दौरान उज्जैन स्टेशन पर दबाव कम करने के लिए नईखेड़ी, पवासा, लेकोड़ा, पिंगलेश्वर, विक्रमनगर, मोहनपुरा और चिंतामन गणेश सहित आसपास के स्टेशनों पर भी सुविधाएं बढ़ाई जाएंगी। विशेष ट्रेनों के संचालन के लिए अतिरिक्त लूप लाइन, स्टेबलिंग लाइन और अन्य परिचालन कार्य भी किए जा रहे हैं। रेलवे की इन तैयारियों से सिंहस्थ के दौरान सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और यात्रियों की सुविधा को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
चित्तौडग़ढ़ -उज्जैन ट्रेन का सात स्टेशन पर अस्थायी स्टॉपेज
उज्जैन। चितौडग़ढ़-उज्जैन के बीच चलने वाली पैसेंजर ट्रेन ६९२३२ का सात स्टेशन पर १६ सिंतबर से ११ अक्टूबर तक अस्थायी ठहराव दिया गया है। पीआरओ मुकेश कुमार ने बताया कि यह ट्रेन इस अवधि में शंभूपुरा, जावद रोड, मल्हारगढ़, पिपलिया मंडी, दलोदा, ढोढर, एवं नामली स्टेशन पर रुकेगी। यह ठहराव अस्थायी है।









