आषाढ़ में उज्जैन शहर पर बादल मेहरबान, बारिश 16 इंच पार

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। मानसून का पहला महीना माने जाने वाला आषाढ़ शहर में जमकर बरस रहा है। अधिकमास के कारण इस बार आषाढ़ 1 जुलाई से शुरू हुआ है। इस महीने के आठ दिन में ही 183मिमी (7.20 इंच) बारिश हो चुकी है। इसे मिलाकर अब तक शहर में 426 मिली (16.77 इंच) पानी बरस चुका है। अच्छी बारिश का असर दिन के तापमान पर भी दिख रहा है।

अधिकतम तापमान में 2.7 डिग्री की कमी दर्ज की गई। मंगलवार को यह 31.5 डिग्री दर्ज किया गया। सोमवार को यह 34.2 डिग्री था। आषाढ़ में करीब-करीब रोजाना ही पानी गिर रहा है। इसकी गति कभी तेज तो कभी धीमी रहती है। मंगलवार को दिनभर बारिश का मौसम बना रहा और रुक-रुककर बारिश होती रही। हालांकि शाम को भारी बारिश हुई और इसने निचले इलाकों को पानी-पानी कर दिया। सुबह 6 और शाम को 17 मिमी बारिश वेधशाला के रेनोमीटर ने दर्ज की। रात में भी अच्छा पानी गिरा और बुधवार की सुबह 18 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। अभी भी बादल सक्रिय है और मौसम विभाग ने पानी गिरने की सूचना जारी की है।
अरब सागर का सिस्टम सक्रिय
मध्यप्रदेश में अरब सागर वाला सिस्टम सक्रिय है। इस वजह से फिलहाल अगले तीन दिन तक बारिश की स्थिति बनती दिख रही हैं। हालांकि इसकी गति का अनुमान लगाना कठिन है, क्योंकि यह धीमी और तेज दोनों रह सकती है।
गंभीर में बढ़ा पानी, शिप्रा का जलस्तर भी बढ़ा
अच्छी बारिश के बीच शहर की जलप्रदाय व्यवस्था के स्रोत गंभीर बांध में पानी की आवक जारी है। बांध में बुधवार सुबह 900.85 एमसीएफटी पानी था। शिप्रा नदी का जलस्तर भी बढ़ा हुआ है। इसका प्रवाह बना हुआ है।
औसत बारिश के लिए 20 इंच की जरूरत
उज्जैन जिले की औसत बारिश 36 इंच है। अभी तक सबसे ज्यादा बारिश तराना तहसील में 315 मिमी दर्ज की गई है। 288 मिमी के साथ महिदपुर दूसरे और 256 मिमी के साथ उज्जैन तहसील तीसरे नंबर पर है। जिले में अब तक 221.5 मिमी (8.70 इंच) बारिश हुई है। अभी 27.3 इंच बारिश की दरकार है।









