रथयात्रा : जग ने निहारा जगन्नाथ को

रात 8 बजे तक आगर रोड-गोपाल मंदिर क्षेत्र में जाने से बचें, जाम मिलेगा-परिवर्तित मार्ग से जाएं
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। शहर में आज महाप्रभु जगन्नाथ और भगवान जगदीश की रथ यात्रा निकलेगी। एक आगर रोड पर इंदिरा नगर चौराहे से और दूसरी जगदीश मंदिर कार्तिक चौक से पुराने शहर में निकलेगी।
इस्कॉन मंदिर आगर रोड से दोपहर 1 बजे यात्रा निकालेगा। भगवान जगन्नाथ, बड़े भाई बलराम और बहन सुभद्रा पहली बार तीन अलग-अलग पारंपरिक रथों पर विराजमान होकर भक्तों को दर्शन देने निकलेंगे। गुरुवार सुबह इस्कॉन मंदिर से विग्रहों को आगररोड ले जाया गया। इस दौरान लोगों ने जय जगन्नाथ का जयघोष किया। इस्कॉन मंदिर की रथयात्रा के संबंध में पीआरओ राघव पंडित दास प्रभु ने बताया कि भगवान के लिए ढाई लाख रुपए की विशेष शाही पोशाक तैयार कराई गई है। बंगाल से आए 10 विशेष कारीगर बुलाए गए थे, जिन्होंने दो महीनों की कड़ी मेहनत से रेशमी वस्त्रों पर जापान से मंगवाए गए विशेष मोतियों, जरी, धागों और डायमंड से यह पोशाक तैयार की है। रथयात्राओं को देखते हुए पुलिस ने ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव किया है।
खाती समाज की श्री जगदीश रथ यात्रा
खाती समाज की श्री जगदीश रथ यात्रा दोपहर 2 बजे कार्तिक चौक स्थित जगदीश मंदिर से शुरू होगी। यह यात्रा कार्तिक चौक से गणगौर दरवाजा, मोढ़ धर्मशाला, दानीगेट, ढाबा रोड, कमरी मार्ग चौराहा, गोपाल मंदिर, पटनी बाजार, गुदरी चौराहा और पानदरीबा होते हुए वापस कार्तिक चौक होते हुए जगदीश मंदिर पर समाप्त होगी। सड़क चौड़ीकरण के कारण मार्ग बंद होने से इस बार यात्रा तेलीवाड़ा, कंठाल क्षेत्र में नहीं जाएगी।
यातायात अलर्ट : दोपहर 12 से रात 8 बजे तक रहेगा महाडायवर्सन
रथ यात्राओं के मद्देनजर शहर की यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक सुबह 10 बजे से पूरे रूट पर पुलिस फोर्स तैनात हो जाएगी। दोपहर 12 से लेकर रात 8 बजे तक शहर के कई प्रमुख मार्गों पर भारी, चौपहिया और तीन पहिया वाहनों के लिए नो एंट्री रहेगी। पुलिस ने शहर वासियों से अपील की है कि वे असुविधा से बचने के लिए दोपहर 12 से रात 8 बजे तक रथ यात्रा वाले मार्गों पर जाने से बचें और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें।
जानिए किस यात्रा के कारण कौन सा मार्ग रहेगा बंद
जगदीश यात्रा – दोपहर 12 बजे से ही हरिफाटक टी, दौलतगंज, तोपखाना और लोहे का पुल से महाकाल घाटी की ओर चौपहिया और तीन पहिया वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। इसके साथ ही हरसिद्धि पाल से गुदरी चौराहा तक भी यही व्यवस्था लागू रहेगी, जबकि रामानुजकोट से गणगौर दरवाजा की ओर दोपहिया सहित सभी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
जगदीश यात्रा के दौरान वैकल्पिक मार्ग- जिन चौपहिया और तीन पहिया वाहनों को शंकराचार्य चौराहे से शहर के अंदर जाना है, वे जूना सोमवारिया से पत्ती बाजार, केडी गेट, भार्गव चौराहा, निकास चौराहा और बियाबानी मार्ग का उपयोग कर सुरक्षित निकल सकेंगे।
जगन्नाथ रथ यात्रा का मार्ग और वन-वे व्यवस्था- इस्कॉन मंदिर की श्री जगन्नाथ रथ यात्रा के लिए नए शहर में दोपहर १२ बजे से इंतजाम लग जाएंगे। यह यात्रा इंदिरा नगर से शुरू होकर चिमनगंज मंडी चौराहा, बीमा चौराहा, कोयला फाटक चौराहा, चामुंडा माता चौराहा, फ्रीगंज ओवरब्रिज, टावर चौक और तीन बत्ती चौराहा होते हुए देवास रोड पर ऋषिनगर पेट्रोल पंप के पास विक्रमादित्य शोधपीठ पर समाप्त होगी। यात्रा के दौरान इन मार्गों पर वन-वे व्यवस्था रहेगी। यानी रथ यात्रा सड़क के बांई तरफ चलेगी और दाहिनी तरफ वाली सड़क पर दोनों तरफ का सामान्य यातायात चलाया जाएगा।
भारी वाहनों के लिए डायवर्सन प्लान- इस्कॉन रथ यात्रा के दौरान भारी वाहनों को चौपाल सागर से साढूमाता की बावड़ी की तरफ डायवर्ट किया जाएगा। इसके अलावा पांड्याखेड़ी चौराहे से मक्सी रोड की तरफ भारी वाहनों का डायवर्सन रहेगा ताकि शहर के भीतर जाम की स्थिति न बने।
पार्किंग व्यवस्था – बाहरी श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए दो पार्किंग बनाई है। इंदौर और देवास से आने वाले वाहन आस्था गार्डन तिराहा से बायपास होकर चिंतामण ब्रिज और भूखी माता होते हुए कार्तिक मेला ग्राउंड में पार्क किए जाएंगे। वहीं आगर और मक्सी रोड की ओर से आने वाले वाहन खाकचौक से अंकपात, पीपलीनाका, जूना सोमवारिया और चक्रतीर्थ होते हुए कार्तिक मेला ग्राउंड में पार्क हो सकेंगे।









