Popup Image

महाकाल लोक की तर्ज पर धार्मिक स्थलों का होगा विकास, पर्यटन से बढ़ेगी अर्थव्यवस्था

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से समत्व भवन में मिले अक्षरविश्व के चीफ एडिटर सुनील जैन और मैनेजिंग एडिटर श्रेय जैन, उज्जैन के विकास और प्रदेश की भावी योजनाओं पर हुई चर्चा

Advertisement

अक्षरविश्व न्यूज भोपाल। अक्षर विश्व के चीफ एडिटर सुनील जैन एवं मैनेजिंग एडिटर श्रेय जैन ने भोपाल स्थित मुख्यमंत्री निवास समत्व भवन में प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से भेंट कर प्रदेश और उज्जैन के विकास से जुड़े विषयों पर चर्चा की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने, उज्जैन में विकसित हो रहे आधारभूत ढांचे, औद्योगिक विकास की संभावनाओं और सरकारी परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने की बात की।

सीएम ने कहा कि मध्यप्रदेश में अनेक ऐसे धार्मिक और पौराणिक स्थल हैं, जिनमें पर्यटन की अपार संभावनाएं मौजूद हैं। इन स्थलों का विकास उज्जैन के महाकाल लोक की तर्ज पर किया जाएगा, ताकि धार्मिक पर्यटन को नई गति मिलने के साथ संबंधित शहरों की अर्थव्यवस्था भी मजबूत हो सके। उन्होंने कहा कि महाकाल लोक के निर्माण के बाद उज्जैन में श्रद्धालुओं की संख्या में लगभग 6 से 8 गुना वृद्धि हुई है। इसका सीधा लाभ होटल, रेस्टोरेंट, ऑटो-रिक्शा, परिवहन और पूजन सामग्री का काम करने वालों को मिला है। , इन व्यवसायों की बढ़ती मांग से खाद्य सामग्री एवं अन्य आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति करने वाले व्यापारियों को भी अप्रत्यक्ष रूप से बहुत लाभ पहुंचा है। इसी मॉडल को प्रदेश के अन्य धार्मिक स्थलों पर भी लागू करने की योजना है। ओंकारेश्वर, चित्रकूट और ओरछा सहित विभिन्न धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों का विकास उज्जैन के महाकाल लोक की तरह कर उन्हें पर्यटन के प्रमुख केंद्रों के रूप में विकसित किया जाएगा।

Advertisement

बेहतर कनेक्टिविटी से बदलेगी उज्जैन की आर्थिक तस्वीर

उज्जैन में तेजी से विकसित हो रहे सड़कों, हाईवे और फ्लाईओवर के नेटवर्क को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि बेहतर कनेक्टिविटी किसी भी शहर के आर्थिक और औद्योगिक विकास की बुनियाद होती है। औद्योगिक विकास के लिए केवल उद्योगों की स्थापना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उद्योगों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना भी उतना ही जरूरी है। इसमें लॉजिस्टिक्स की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उज्जैन में विकसित हो रहा हाई-वे नेटवर्क भविष्य में लॉजिस्टिक्स हब के विकास का आधार बनेगा। इसके साथ ही प्रस्तावित कार्गो एयरपोर्ट भी औद्योगिक गतिविधियों और माल परिवहन को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इन सुविधाओं के विकसित होने से उज्जैन में निवेश और उद्योगों के नए अवसर तैयार होंगे।

Advertisement

विकास कार्यों की समय सीमा पर सरकार का जोर

सरकारी परियोजनाओं में देरी को लेकर प्रचलित धारणा पर भी मुख्यमंत्री ने अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि अक्सर सरकारी कामों को लेकर यह कहा जाता है कि उनकी शुरुआत की तारीख तो तय होती है, लेकिन पूरे होने की अवधि तय नहीं होती। मध्यप्रदेश सरकार इस धारणा को बदलने का प्रयास कर रही है। प्रदेश में शुरू किए जा रहे विकास कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। कई परियोजनाएं तय समय से पहले भी पूरी हुई हैं। सरकार की कोशिश है कि विकास कार्य केवल योजनाओं और घोषणाओं तक सीमित न रहें, बल्कि उनका लाभ निर्धारित समय में आम जनता तक पहुंचे।

उज्जैनवासियों के सहयोग को मुख्यमंत्री ने सराहा

उज्जैन शहर में चल रहे सड़क चौड़ीकरण और आधारभूत ढांचे के विकास कार्यों पर चर्चा करते हुए सीएम ने शहरवासियों के सहयोग की सराहना की। उन्होंने कहा कि शहर विकास के कार्यों के दौरान आम नागरिकों को असुविधाओं का सामना करना पड़ा है, लेकिन उज्जैन की जनता ने धैर्य और सकारात्मक भावना के साथ सहयोग किया। कोई भी बड़ा शहरी परिवर्तन जनसहयोग के बिना पूरा होना संभव नहीं है। अब जैसे-जैसे सड़क चौड़ीकरण और नए ब्रिज के निर्माण पूरे हो रहे हैं, लोगों को इनके दूरगामी लाभ दिख रहे हैं। सीएम ने इसके लिए उज्जैनवासियों का दिल से आभार जताया है।

Related Articles

📢 पूरी खबर पढ़ने के लिए

बेहतर अनुभव के लिए ऐप का उपयोग करें

ऐप में पढ़ें
ऐप खोलें
ब्राउज़र में जारी रखें