चाकू के साथ पकड़ाया हमले का आरोपी, साथियों की तलाश जारी

डी मार्ट रोड पर किया था युवक पर हमला

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। नागझिरी क्षेत्र में बच्चा जेल के पीछे डी मार्ट रोड पर 14 अगस्त की देर शाम युवक पर जानलेवा हमले के आरोपी को नीलगंगा पुलिस ने पकड़ा है।
मिली जानकारी के मुताबिक कवेलू कारखाना कलाली के पीछे से अमरदीप नगर में रहने वाले सुमित उर्फ राजा वाल्मीकि को चाकू के साथ शनिवार को नीलगंगा पुलिस पकड़ा था और उसके खिलाफ आम्र्स एक्ट का प्रकरण दर्ज कर जेल भेज दिया था। उस वक्त तक यह सामने नहीं आया था कि चाकू के साथ हिरासत में आया सुमित ही 14 अगस्त को बच्चा जेल के पीछे पप्पू गौसर पर हुए कातिलाना हमले का आरोपी है। इधर, नागझिरी पुलिस हमलावरों की तलाश कर रही थी।
घटनास्थल के पास से मिले फुटेज और आसपास की मोबाइल लोकेशन भी प्राप्त की जा रही थी। इसमें पता चला कि आरोपी सुमित का मोबाइल घटनास्थल पर एक्टिव था जो नीलगंगा क्षेत्र का रहने वाला है। नागझिरी पुलिस ने नीलगंगा पुलिस से संपर्क किया तो सामने आया कि आरोपी सुमित उर्फ राजा वाल्मीकि को चाकू के साथ गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। इसके बाद नागझिरी पुलिस नीलगंगा थाने पहुंची और जानकारी ली।
आरोपी सुमित पर पहले भी जानलेवा हमले और मारपीट के मामले दर्ज थे। नागझिरी पुलिस अब आरोपी को जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लेगी। सूत्रों के मुताबिक हमले में आरोपी सुमित के 4 साथियों का सुराग भी पुलिस को मिल चुका है जो शहर से बाहर हैं। पुलिस की एक टीम उनकी गिरफ्तारी के लिए रवाना हो गई है। जल्द उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
फाइल फोटो









