शाजापुर : सीमेंट ट्रॉले ने बाइक सवार को कुचला, मौके पर मौत

अक्षरविश्व न्यूज शाजापुर। जिले के मोहन बड़ोदिया में गुरुवार शाम सीमेंट से भरे ट्रॉले की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसा करीब 5:30 बजे फर्दखेड़ी गांव के पास हुआ। मृतक की पहचान धतरावदा निवासी कमल सिंह पिता गंगाराम (30) के रूप में हुई है। कमल सिंह मोहन बड़ोदिया से बाइक से अपने गांव धतरावदा जा रहे थे। फर्दखेड़ी के पास उनकी बाइक सीमेंट से भरे ट्रॉले की चपेट में आ गई। ट्रॉले के नीचे आने से कमल सिंह ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे की सूचना मिलने पर मोहन बड़ोदिया थाना पुलिस की डायल-112 टीम मौके पर पहुंची। पायलट मनोहर सिंह और पुलिसकर्मी विजय गवली ने शव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहन बड़ोदिया पहुंचाया। शव को मच्र्युरी में रखवाया है। पुलिस के अनुसार शुक्रवार सुबह कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। इसके बाद शव परिजन को सौंपा जाएगा। हादसे के बाद ट्रॉला चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने सीमेंट से भरे ट्राले को जब्त कर थाने में खड़ा करवा दिया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर चालक की तलाश शुरू कर दी है।









