स्नान यात्रा: जगन्नाथ का जलाभिषेक

इस्कॉन-जगदीश मंदिर पर मना पूर्णिमा महोत्सव

उज्जैन। जयेष्ठ मास की पूर्णिमा पर सोमवार को स्नान पूर्णिमा महोत्सव इस्कॉन और जगदीश मंदिर में मनाया गया। भगवान जगन्नाथ और भाई बलदेव और बहन सुभद्रा के साथ विधि विधान से पूजन के बाद पवित्र जल से जलाभिषेक किया गया।
इस्कॉन मंदिर में भगवान जगन्नाथ का महाअभिषेक सप्त सरोवरों, कोटितीर्थ, शिप्रा, गंगा, नर्मदा, और गोमती कुंड सहित विभिन्न स्थानों के जल से किया गया। महोत्सव की शुरुआत सुबह 7.30 बजे पांड-विजय कीर्तन से हुई। मंगलआरती के बाद देव विग्रहों को स्नान वेदी पर विराजमान कर अभिषेक किया गया। अभिषेक बाद जगन्नाथ, बलदेव और सुभद्रा के दर्शन हुए।
जगदीश मंदिर मेें भी आयोजन
खाती समाज के श्री जगदीश मंदिर पर भी भगवान श्री जगन्नाथ का शिप्रा जल से अभिषेक हुआ। सुबह कलश यात्रा निकली। जिसमें महिलाएं कलश लेकर शामिल हुईं। यात्रा जगदीश मंदिर पहुंची और जलाभिषेक हुआ। इसके बाद महाअभिषेक हुआ। भगवान को सत्तू, लड्डू , माखन, मिश्री, दूध आदि का भोग लगाया गया।









