रामघाट मार्ग पर और भी टूटेंगे कुछ निर्माण

उज्जैन। रामघाट मार्ग पर पाटीदार समाज धर्मशाला के पास बने कुछ और निर्माण को तोडऩे की स्थिति बन रही है। रोड चौड़ीकरण के कारण इन निर्माण की नींव कमजोर हो गई और गिराऊ स्थिति में होने के कारण यह भविष्य मेें बड़ा खतरा बन सकते हैं। नगर निगम अब इसकी तैयारी करने में लगा है।

22 दिन बाद 30 जुलाई से सावन का महीना शुरू हो जाएगा। 3 जुलाई को भगवान महाकाल की पहली सवारी निकलेगी। इसके पहले सवारी मार्ग को चमकाने में प्रशासन जुट गया है। कलेक्टर रौशनकुमार सिंह देर रात सवारी मार्ग के हालात जानने निकले। इसके पहले महापौर मुकेश टटवाल अपनी टीम के साथ रामघाट पहुंचे। प्रशासन का मानना है कि हर हाल में 20 जुलाई के पहले पूरा सवारी मार्ग क्लीयर हो जाना चाहिए। महापौर ने बताया कि पाटीदार समाज धर्मशाला का कुछ हिस्सा व कुछ अन्य निर्माण ऐसे हैं, जो कभी भी गिर सकते हैं। इस कारण अधिकारियों को कहा है कि इन्हें सवारी के पहले तोड़ा जाए ताकि भविष्य में दुर्घटना की संभावना नहीं रहे।
कलेक्टर ने नापा 7 किमी का सवारी मार्ग
कलेक्टर सोमवार रात अफसरों के साथ सवारी मार्ग का हाल जानने निकले। उन्होंने महाकाल मंदिर के शहनाई द्वार से शुरू होकर महाकाल घाटी, गुजरी चौराहा, रामघाट, कहारवाड़ी, कार्तिक चौक, श्री सत्यनारायण मंदिर, ढाबा रोड, गोपाल मंदिर, पटनी बाजार से होते हुए पुन: शहनाई द्वार तक के पूरे रूट का अवलोकन किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि पहली सवारी (3 अगस्त) से पहले मार्ग के सभी निर्माण कार्य हर हाल में पूरे कर लिए जाएं। विशेष रूप से रामघाट मार्ग को 20 जुलाई तक अनिवार्य रूप से पूर्ण करने की डेडलाइन तय की गई है।
जर्जर मकानों पर चलेगा पंजा
सवारी रूट पर स्थित जर्जर और असुरक्षित भवनों को भी अधिकारियों ने चिन्हित किया है। महापौर टटवाल और कलेक्टर सिंह ने जनसुरक्षा की दृष्टि से इन जर्जर मकानों को तत्काल हटाने की कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
यह दिए थे निर्देश
सफाई और बिजली- सवारी मार्ग पर पैचवर्क (सड़क मरम्मत), साफ-सफाई, बिजली के झूलते तारों को दुरुस्त करना और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था समय रहते पूरी हो।
समय-सीमा का पालन- सवारी मार्ग पर चल रहे अन्य सभी छोटे-मोटे विकास कार्य निर्धारित समय-सीमा में खत्म किए जाएं।
खतरनाक मकान टूटेंगे: रिटेनिंग वॉल के लिए पाटीदार समाज धर्मशाला का कुछ हिस्सा व अन्य निर्माण को हटाना जरूरी है। नगर निगम इसकी तैयारी कर रहा है। साथ ही सवारी मार्ग के खतरनाक मकानों को हटाना है।
-अभिलाष मिश्रा, निगम आयुक्त









