सिंहस्थ 2028 की तैयारियों को लेकर एसपी ने ली बैठक

पुलिस कप्तान ने अधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारी

बस में सवार होकर सिंहस्थ क्षेत्र में निर्धारित और संभावित पार्किंग स्थलों का जायजा
अक्षरविश्व न्यूज|उज्जैन। सिंहस्थ में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुचारू आवागमन को लेकर प्रशासन ने अभी से तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी कड़ी में पुलिस कप्तान ने शनिवार को अपनी मीटिंग की कड़ी में एएसपी, सीएसपी और डीएसपी के साथ तीसरा सत्र आयोजित किया। इसमें क्राउड मैनेजमेंट, मार्ग सुरक्षा, आपातकालीन प्रतिक्रिया और ट्रैफिक कंट्रोल को लेकर रणनीति पर चर्चा की गई। इस दौरान एसपी प्रदीप शर्मा ने अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी और सिंहस्थ के दौरान बल की तैनाती, तकनीकी निगरानी और समन्वय तंत्र को और अधिक मजबूत करने के निर्देश दिए।
मीटिंग के बाद ईंधन बचाने की पहल करते हुए अधिकारियों ने एक ही बस से संभावित सिंहस्थ क्षेत्र में निर्धारित और प्रस्तावित पार्किंग स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान श्रद्धालुओं की अनुमानित संख्या, वाहनों के दबाव तथा ट्रैफिक की सुगमता को देखते हुए पार्किंग स्थलों की क्षमता, प्रवेश एवं निकास, वैकल्पिक पार्किंग व्यवस्था, आपातकालीन वाहनों के लिए अलग मार्ग तथा पैदल आवागमन की सुविधाओं पर चर्चा की गई। साथ ही जरूरी सुधार के निर्देश भी दिए। मौके पर ही आवश्यक सुधारात्मक निर्देश भी दिए गए।
लोगों को दिक्कत ना हो इसलिए चुनी बस
बस से निरीक्षण से ना सिर्फ ईंधन की बचत हुई बल्कि यातायात व्यवस्था पर अनावश्यक दबाव भी नहीं पड़ा और लोगों को भी किसी तरह की परेशानी नहीं हुई। पुलिस के इस कदम से पर्यावरण संरक्षण एवं जिम्मेदार यातायात प्रबंधन का सकारात्मक संदेश दिया गया।









