तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक को मारी टक्कर, महिला की मौके पर मौत

हादसे के बाद चालक वाहन सहित फरार हुआ, युवक और बच्ची घायल
अक्षरविव न्यूज शाजापुर। ग्राम मझानिया के पास नेशनल हाइवे-52 पर तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि युवक और एक बच्ची घायल हो गए। दोनों घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से शाजापुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार अयोध्या बस्ती निवासी राधा बाई (35) युवक दीपक और एक बच्ची के साथ बाइक से उमरिया ताज से शाजापुर लौट रही थीं। मझानिया के पास पीछे से आए अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। इसके बाद राधा बाई सड़क पर गिर गईं और गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। बाइक चला रहे दीपक और बच्ची भी हादसे में घायल हो गए। सूचना मिलने पर 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। उनका उपचार जारी है। पुलिस ने मृतका के शव को जिला अस्पताल के पोस्टमार्टम कक्ष में रखवाया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।
घायल की पहचान में सोशल मीडिया बना सहारा, तुरंत मिल गया उपचार
मोहन बड़ोदिया में हुआ था हादसा, पुलिस वाहन से पहुंचाया अस्पताल
शाजापुर। मोहन बड़ोदिया थाना क्षेत्र के ग्राम रोलियाखेड़ी के पास सड़क हादसे में गंभीर घायल बाइक सवार को एंबुलेंस उपलब्ध नहीं होने पर पुलिस वाहन से अस्पताल पहुंचाया गया। घायल की पहचान नहीं हो पा रही थी। पुलिस ने सोशल मीडिया पर फोटो और वीडियो प्रसारित किए, जिससे पहचान हो सकी और समय पर उपचार मिल पाया।
सूचना मिलते ही मोहन बड़ोदिया थाने की डायल-112 टीम के पायलट जगदीश सोनी और पुलिसकर्मी सोनू यादव मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायल को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहन बड़ोदिया पहुंचाया। घायल के सिर में गंभीर चोट थी और लगातार खून बह रहा था। प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर किया। 108 एंबुलेंस से संपर्क किया गया, लेकिन मौके पर एंबुलेंस उपलब्ध नहीं होने से परेशानी बढ़ गई। इसी दौरान घायल की पहचान भी नहीं हो पा रही थी। उसके हाथ पर ‘मोहन चौहान’ लिखा था। इसके आधार पर पुलिस ने घायल के फोटो और वीडियो आसपास के वॉट्सएप ग्रुप में प्रसारित किए।
सोशल मीडिया के जरिए घायल की पहचान बरनावद निवासी मोहन पिता फूल सिंह चौहान के रूप में हुई। घटना की जानकारी थाना प्रभारी मनीषा शर्मा को मिलने के बाद उन्होंने डायल-112 के माध्यम से घायल को जिला अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था कराई। इसके बाद 112 के पायलट मनोहर सिंह और पुलिसकर्मी सोनू यादव ने गुरुवार रात करीब 8 बजे घायल मोहन को मोहन बड़ोदिया से शाजापुर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है।









