ट्रेन के गेट पर धक्का लगा तो घोंप दिया चाकू, इंदौर रैफर

इंदौर से आ रहा था यूपी का युवक, बदमाश पकड़ाया
उज्जैन। ट्रेनों में चोरी की वारदातें तो लगातार हो रही हैं लेकिन अब चाकूबाजी के मामले भी सामने आ रहे हैं। शुक्रवार शाम को उज्जैन स्टेशन आने से चंद मिनट पहले धक्का लगने की बात पर एक युवक ने दूसरे को चाकू मार दिया। इससे वह गंभीर घायल हो गया जिसे प्राथमिक इलाज के बाद इंदौर रैफर कर दिया। मामले में जीआरपी ने चाकूबाज को पकड़ा है।
जीआरपी से मिली जानकारी के अनुसार उत्तरप्रदेश के बाराबंकी का रहने वाला अंशुमन तिवारी किसी काम से इंदौर आया था और वहां से ट्रेन नंबर 09309 इंदौर-हजरत निजामुद्दीन सुपरफास्ट एक्सप्रेस से उज्जैन आ रहा था। उसके साथ दो-तीन लोग और भी थे। शुक्रवार शाम करीब 6 बजे उज्जैन स्टेशन आने से 10 मिनट पहले वह गेट पर आकर खड़ा हो गया। इसी दौरान ट्रेन में सवार उज्जैन के रहने वाले अरुण बर्मन उर्फ लल्ला को धक्का लग गया। इससे अरुण इतना नाराज जहो गया कि उसने अंशुमन के साथ विवाद करते हुए उसे चाकू मारकर दिया जिससे अंशुमन गंभीर घायल हो गया। इसकी सूचना जैसे ही जीआरपी को मिली तो चाकू मारने वाले अरुण बर्मन उर्फ लल्ला को धरदबोचा। इसके बाद घायल अंशुमन ने अपने किसी डॉक्टर रिश्तेदार को कॉल किया और घटना की जानकारी दी। प्राथमिक इलाज के बाद उसे इंदौर रैफर कर दिया गया। जीआरपी ने बताया कि आरोपी अरुण महाकाल मंदिर क्षेत्र में दर्शनार्थियों को तिलक लगाने का काम करता है।
चाकू के साथ गिरफ्तार
उज्जैन। चिमनगंज और कोतवाली थाना पुलिस ने चाकू के साथ दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। चैकिंग अभियान के दौरान चिमनगंज पुलिस ने कानीपुरा मल्टी के पास से शाहरुख उर्फ माया नामक बदमाश को हिरासत में लिया। उसके पास से चाकू भी बरामद हुआ है। इसी प्रकार की कोतवाली पुलिस ने शुक्रवार शाम को नगर निगम परिसर के भीतर चाकू लेकर घूम रहे बदमाश कृष्णा भारती को पकड़ा है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आम्र्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कोर्ट में पेश किया जहां से उन्हें जेल भेज दिया।









