महिलाओं जैसा श्रृंगार किए फांसी के फंदे पर लटका मिला स्टूडेंट

By AV NEWS

महिलाओं की तरह साड़ी पहनी थी , मेकअप भी किया

दोनों हाथ बंधे थे और आंख पर पट्टी बंधी थी

इंदौर के रणजीत सिंह कॉलेज में BSC सेकंड ईयर के स्टूडेंट का शव फंदे पर लटका मिला है। खंडवा नाका इलाके में शुक्रवार देर रात यह घटना हुई। स्टूडेंट ने महिलाओं जैसी साड़ी पहन रखी थी और उनकी तरह ही उसका मेकअप भी था।

पुलिस को प्रारंभिक रूप से मामला संदिग्ध नजर आ रहा है। सुसाइड किया है या किसी ने मारकर लटकाया है, इसे लेकर पुलिस जांच कर रही है। उसके दोनों हाथ बंधे हैं और आंख पर पट्टी बंधी थी। शव के आसपास खून भी बिखरा मिला है।

जानकारी के मुताबिक मूलत: रायसेन का रहने वाला पुनीत त्रिभुवन दुबे (21) पढ़ाई के लिए इंदौर आया था। पुनीत इकलौता बेटा था। वह रणजीत सिंह कॉलेज में BSc सेकंड ईयर का छात्र था। खंडवा नाका इलाके की एक मल्टी में किराए के रूम में रह रहा था। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, रिश्तेदारों ने उसके शव को लेकर सूचना दी है। मौके पर पहुंचे अफसरों ने बताया कि मामला संदिग्ध है।

जिस कमरे में पुनीत फंदे पर लटका मिला, वहां खून भी फैला हुआ है। परिवार के लोग हत्या की आशंका जता रहे हैं। पुनीत के पिता त्रिभुवन ने बताया शुक्रवार रात उसे कॉल किया था तो उसने फोन नहीं उठाया। इसके बाद उन्होंने इंदौर में ही रहने वाले एक परिचित से बेटे के रूम पर जाकर बात कराने के लिए कहा था।

आठ दिन पहले ही पुनीत ने इसी बिल्डिंग में अपना रूम बदला था। परिवार के लोगों ने बताया पहले वह दो दोस्तों के साथ रहता था। परिवार ने उन दोनों दोस्तो से भी बात की। उन्होंने बताया कि पुनीत इस तरह कभी नहीं रहता था। उसे देखकर हमें भी आश्चर्य हुआ। पिता को भी इस बात पर यकीन नहीं हो रहा है।

उनका कहना है कि दो महीने पहले ही पुनीत का जन्मदिन था। मां विभूति उससे मिलने इंदौर गई थी। काफी दिन उसके साथ रही, लेकिन कभी उसके वेशभूषा के बदलाव नहीं देखा और न ही महसूस किया। वह लड़कों जैसे ही कपड़े पहनता है। परिजन ने पुलिस को पुनीत की हत्या की आशंका जताई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Share This Article