अब स्कूलों में लगेगी स्टूडेंट्स की ऑनलाइन अटेंडेंस

9वीं से 12वीं तक के लिए व्यवस्था लागू, कमिश्नर ने जारी किया आदेश
भोपाल। मप्र के सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की ई-अटेंडेंस को लेकर चल रहे विरोध के बीच अब विद्यार्थियों की उपस्थिति भी ऑनलाइन दर्ज करने की व्यवस्था शुरू की जा रही है। लोक शिक्षण संचालनालय ने कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों की ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करने के संबंध में सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं। इसके लिए एजुकेशन पोर्टल 3.0 पर व्यवस्था की गई है। लोक शिक्षण संचालनालय की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि स्कूलों में पढ़ाई की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति बेहद जरूरी है।
शिक्षकों के विरोध के बीच स्टूडेंट्स पर भी व्यवस्था लागू
शिक्षकों की ई-अटेंडेंस के बीच छात्रों की ऑनलाइन हाजिरी सरकार की यह व्यवस्था ऐसे समय में सामने आई है जब प्रदेश के सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की ई-अटेंडेंस को लेकर शिक्षक संगठनों और शिक्षकों का विरोध जारी है। शिक्षक ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कराने की व्यवस्था को लेकर लगातार अपनी आपत्तियां जता रहे हैं। इसी बीच अब सरकार ने विद्यार्थियों की उपस्थिति को भी ऑनलाइन सिस्टम से जोडऩे की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
विभाग का कहना है कि विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति पढ़ाई की गुणवत्ता के लिए जरूरी है। ऑनलाइन रिकॉर्ड के जरिए स्कूल से लेकर विभागीय स्तर तक विद्यार्थियों की उपस्थिति की निगरानी की जा सकेगी। कारण यह है कि कई स्कूलों की शिकायत मिली थी, बच्चे आते नहीं लेकिन उनकी….
पोर्टल पर लगेगी अटेंडेंसइसी उद्देश्य से कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों की उपस्थिति की स्थिति पोर्टल के माध्यम से प्राप्त की जाएगी। पोर्टल पर पूरी कक्षा के विद्यार्थियों की सूची दिखेगी। नई व्यवस्था के तहत एजुकेशन पोर्टल 3.0 में स्टूडेंटस मैनेजमेंट के अंतर्गत स्टूडेंट अटेंडेंस ऑप्शन में जाने पर संबंधित कक्षा के सभी विद्यार्थियों की सूची दिखाई देगी। शिक्षक को विद्यार्थियों की वास्तविक उपस्थिति के अनुसार उनकी स्थिति दर्ज करनी होगी।
विद्यार्थियों के लिए तीन श्रेणियां निर्धारित की गई हैं – Present, Absent और On Leave आदेश के मुताबिक सिस्टम में डिफॉल्ट रूप से सभी विद्यार्थियों को प्रजेंट प्रदर्शित किया जाएगा। जो छात्र अनुपस्थित हैं या अवकाश पर हैं, उनके नाम के सामने क्रमश-Absent या ह्रठ्ठ On Leave दर्ज करना होगा। इसके बाद डेटा को सेव किया जाएगा।
संस्था के लॉगिन से दर्ज होगी कक्षा 9-12 की अटेंडेंस निर्देशों के अनुसार प्रक्रिया पूरी होने के बाद स्कूल की कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों की उपस्थिति एजुकेशन पोर्टल 3.0 पर संस्था लॉगिन से दर्ज की जाएगी। प्रत्येक कक्षा के विद्यार्थियों की सेक्शनवार एंट्री करने की जिम्मेदारी कक्षा शिक्षक की होगी। विभाग ने कहा है कि पोर्टल पर यह सुविधा जल्दी उपलब्ध कराई जाएगी।
ऑनलाइन अटेंडेंस का उद्देश्य सिर्फ रोज की उपस्थिति दर्ज करना नहीं है। विभाग नियमित रूप से विद्यार्थियों की उपस्थिति का विश्लेषण भी करेगा। कम उपस्थिति वाले विद्यार्थियों के लिए अतिरिक्त कक्षाएं और जरूरी शैक्षणिक सहायता की योजना तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। लगातार अनुपस्थित रहने वाले विद्यार्थियों के अभिभावकों से संपर्क कर उनकी नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने का प्रयास भी किया जाएगा। यानी ऑनलाइन हाजिरी के जरिए विभाग स्कूलों में विद्यार्थियों की उपस्थिति का रिकॉर्ड डिजिटल करने के साथ-साथ कम उपस्थिति वाले बच्चों की पहचान भी करेगा।









