MP में छात्रों को हर महीने मिलेंगे 7,500 रुपए

NEET-JEE और CLAT की तैयारी कराएगी सरकार
भोपाल। मध्य प्रदेश सरकार निर्माण श्रमिकों के बच्चों की पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए नई योजना शुरू करने की तैयारी कर रही है। ‘श्री मेधा छात्र उन्नयन योजना’ के तहत चयनित विद्यार्थियों को हर महीने 7,500 रुपए की आर्थिक सहायता देने का प्रस्ताव है। इस राशि से पढ़ाई के साथ कोचिंग, किताबें और हॉस्टल जैसे खर्च पूरे किए जा सकेंगे।
NEET, JEE और CLAT की तैयारी में मिलेगी मदद
योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर श्रमिक परिवारों के प्रतिभाशाली बच्चों को उच्च शिक्षा और राष्ट्रीय स्तर की प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी का अवसर देना है। प्रस्ताव के अनुसार विद्यार्थियों को NEET, JEE और CLAT जैसी परीक्षाओं की कोचिंग के लिए भी आर्थिक सहायता मिलेगी। इसके अलावा ट्यूशन फीस, किताबें और हॉस्टल का खर्च भी सहायता राशि से पूरा किया जा सकेगा।
पहले चरण में 600 विद्यार्थियों को लाभ
सरकार पहले चरण में करीब 600 विद्यार्थियों को योजना से जोड़ने की तैयारी कर रही है। इनमें 500 विद्यार्थी भवन सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड से जुड़े श्रमिक परिवारों से और 100 विद्यार्थी श्रमिक कल्याण बोर्ड से लिए जाने का प्रस्ताव है। आगे योजना के परिणामों के आधार पर लाभार्थियों की संख्या बढ़ाई जा सकती है।
12वीं में 75% अंक जरूरी
प्रस्तावित नियमों के मुताबिक योजना का लाभ लेने के लिए विद्यार्थियों को 12वीं कक्षा में कम से कम 75 प्रतिशत अंक हासिल करना जरूरी होगा। विद्यार्थियों का चयन MP बोर्ड और CBSE की संयुक्त मेरिट के आधार पर किए जाने का प्रस्ताव है। कुल सीटों में 20 प्रतिशत सीटें छात्राओं के लिए आरक्षित रखने की बात भी सामने आई है।
इंदौर, भोपाल, ग्वालियर और जबलपुर में ज्यादा सीटें
योजना के तहत सामान्य जिलों से अधिकतम 15 विद्यार्थियों के चयन का प्रस्ताव है। वहीं भोपाल, इंदौर, ग्वालियर और जबलपुर जैसे बड़े शहरों से अधिकतम 40-40 विद्यार्थियों को चयनित किया जा सकता है। एक पंजीकृत श्रमिक के अधिकतम दो बच्चों को योजना का लाभ देने का प्रावधान प्रस्तावित है।
दूसरी छात्रवृत्ति लेने वाले छात्र पात्र नहीं
प्रस्तावित नियमों के अनुसार जिन विद्यार्थियों को पहले से मंडल की किसी अन्य छात्रवृत्ति का लाभ मिल रहा है, उन्हें इस योजना में शामिल नहीं किया जाएगा। पढ़ाई की प्रगति और सहायता राशि के उपयोग की निगरानी के लिए जिलों में मेंटर नियुक्त करने का भी प्रस्ताव है।
अभी योजना लागू नहीं हुई
‘श्री मेधा छात्र उन्नयन योजना’ का ड्राफ्ट तैयार हो चुका है, लेकिन अभी इसे अंतिम रूप देकर गजट नोटिफिकेशन की प्रक्रिया पूरी की जानी है। इसलिए पात्रता, आवेदन की तारीख और चयन प्रक्रिया की अंतिम जानकारी आधिकारिक अधिसूचना जारी होने के बाद ही स्पष्ट होगी। सरकार इसे इसी साल लागू करने की तैयारी में है।









