एक माह में दूसरी बार महाकाल के दरबार में पहुंचे सुनील शेट्टी

बेटे अहान की बॉर्डर-2 की सफलता पर मत्था टेका
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। फिल्म अभिनेता सुनील शेट्टी मंगलवार को एक बार फिर श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंचे। उन्होंने बाबा महाकाल के दर्शन कर बेटे अहान शेट्टी की हालिया रिलीज फिल्म ‘बॉर्डर-2’ की सफलता के लिए आभार जताया। मंदिर प्रबंध समिति की ओर से उप प्रशासक एसएन सोनी और सिम्मी यादव ने उनका सम्मान किया।
सुनील शेट्टी इससे पहले 21 जनवरी को भी बाबा महाकाल के दर्शन करने आए थे। उस समय उन्होंने फिल्म की सफलता और परिवार की खुशहाली के लिए मनोकामना की थी। फिल्म को मिल रहे जबर्दस्त रिस्पॉन्स के बाद वे दोबारा बाबा के द्वार पहुंचे। गर्भगृह के बाहर से उन्होंने दर्शन एवं पूजन किया। इसके बाद नंदी महाराज के कान में अपनी मनोकामना भी कही। मीडिया से चर्चा में उन्होंने कहा मुझे उम्मीद नहीं थी कि मैं इतनी जल्दी दोबारा यहां आ पाऊंगा लेकिन बाबा ने बुलाया और मैं आभार व्यक्त करने आ गया। सुनील शेट्टी ने बताया कि अहान की फिल्म ‘बॉर्डर-2’ देश के वीर जवानों को समर्पित है। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि वे हमेशा बाबा के चरणों में माथा टेकने आते रहेंगे और प्रार्थना करेंगे कि वे हमेशा सही मार्ग पर चलते हुए अच्छा काम करते रहें।
अभिराम दास जी महाराज भी पहुंचे
इधर, श्री अभिराम दास जी महाराज भी मंगलवार को भगवान महाकाल के दर्शन करने पहुंचे। उन्होंने नंदी हॉल से भगवान महाकाल के दर्शन किए। इस दौरान वह बेहद शांत नजर आए और एकटक भगवान को निहारते रहे। दर्शन के पश्चात श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की ओर से अभिराम दास जी महाराज का सम्मान किया गया।










