दुकानों पर मिली चांदी की बरक वाली मिठाई, ताबड़तोड़ लिए सैंपल

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। खाद्य सुरक्षा विभाग ने मंगलवार को शहर की कई दुकानों पर दबिश देकर चांदी की बरक लगी मिठाईयों की सैंपलिंग की। गौरतलब है कि पिछले सप्ताह बैठक में कलेक्टर रोशनकुमार सिंह ने चांदी के बरक के दुष्परिणामों को बताते हुए मिठाई विक्रेताओं से अपील की थी कि अब उज्जैन से बिना चांदी बरक की मिठाइयों का अभियान शुरू करना है।

इसके बाद मंगलवार को खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के अलग-अलग दलों ने उज्जैन शहर सहित आसपास की तहसीलों में स्थित कई नामी मिष्ठान भंडारों, डेयरियों और किराना दुकानों पर अचानक कार्रवाई की। अधिकारियों ने बड़ी मात्रा में मिठाइयों, मावा, दूध उत्पादों और अन्य खाद्य सामग्रियों के नमूने लिए। खाद्य सुरक्षा विभाग ने माहेश्वरी नमकीन एण्ड स्वीट्स से मिल्क केक, मावा बर्फी, मावा पेड़ा और बेसन के लड्डू के सैंपल लिए।
इसी तरह लालाश्री मिष्ठान भण्डार से बटर स्कॉच मिठाई, मावा कतली और बेसन बर्फी की जांच की गई। श्रीगंगा से काजू कतली, काजू कसाटा, मावा केसर कतली और मावा बर्फी के नमूने लिए गए, जबकि सतयुग रेस्टोरेंट स्वीट्स एण्ड डेयरी से काजू कतली, मावा पिस्ता बर्फी, काजू पंच मिठाई और पोहा के सैंपल लिए। मगनीराम मुरलीधर से गाला ऑलिव ऑयल, पोहा, बेसन और व्रत में खाए जाने वाले कुट्टू के आटे के नमूने लिए गए।
ग्रामीण क्षेत्रों और तहसीलों में भी चली मुहिम
शहर के साथ-साथ ग्रामीण अंचलों और तहसीलों में भी खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमें सक्रिय रहीं। तहसील महिदपुर में राजा दूध डेयरी से पनीर व दूध के सैंपल लिए गए, संतोष ट्रेडर्स से चाय पत्ती, बीकानेर मिष्ठान भण्डार से मलाई रोल, मावा कतली, बंगाली मिठाई तथा खोपरा पाक के नमूने लिए गए। इसी तरह घोसला स्थित बीकानेर मिष्ठान भण्डार से केसर कतली, बूंदी के लड्डू और पंचामृत फरियाली चिवड़ा तथा तहसील घट्टिया के नजरपुर में स्थित राठौर रेस्टोरेंट एण्ड कोल्डड्रिंक्स से मावा रोल और कसाटा बर्फी के नमूने लिए गए।









