कोटा में टेंपो ट्रैवलर पुलिया से गिरा, MP के 8 लोगों की मौत, 17 घायल

राजस्थान के कोटा में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा
भोपाल से खाटूश्यामजी जा रहे थे यात्री, अंधेरे में रेस्क्यू के दौरान आई परेशानी
कोटा/बैतूल। राजस्थान के कोटा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर शनिवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। भोपाल से खाटूश्यामजी जा रहा यात्रियों से भरा टेंपो ट्रैवलर सिमलिया थाना क्षेत्र में पुलिया से करीब 15 फीट नीचे जा गिरा। हादसे में मध्य प्रदेश के बैतूल जिले के रहने वाले 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 17 यात्री घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
सुबह 6 बजे हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार, दुर्घटना शनिवार सुबह करीब 6 बजे कराड़िया टोल प्लाजा से कुछ किलोमीटर दूर हुई। टेंपो ट्रैवलर अनियंत्रित होकर पुलिया से नीचे गिर गया। वाहन में सवार यात्री भोपाल से राजस्थान के प्रसिद्ध खाटूश्यामजी मंदिर दर्शन के लिए जा रहे थे। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे।
अंधेरे में रेस्क्यू, सीटों के बीच फंसे शव
हादसे के समय अंधेरा होने के कारण बचाव कार्य में कुछ देरी हुई। स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक, टेंपो ट्रैवलर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था। कई मृतकों के शव सीटों के बीच फंस गए थे, जिन्हें काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। वहीं, घायलों को निकालने के लिए वाहन की खिड़कियां तोड़नी पड़ीं।
17 घायल, अस्पताल में कराया गया भर्ती
दुर्घटना में घायल 17 यात्रियों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे की सूचना के बाद पुलिस और प्रशासन के अधिकारी भी सक्रिय हुए। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
इस दर्दनाक हादसे से मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में शोक का माहौल है। धार्मिक यात्रा पर निकले यात्रियों के साथ हुए इस हादसे ने सभी को झकझोर दिया है।









