साधु-संतों के बीच खेली फूलों की होली
विनम्र भाव से कहा आपको चरण स्पर्श
साधु-संत बोले, हम सभी सीएम के साथ
होली उत्सव के बीच भूमिपूजन भी किया
होली अपनेपन का, मित्रभाव का और एक दूसरे के प्रति समर्पण भाव का त्योहार है। यह संदेश देता है कि कितनी भी दूर रहो, किसी भी पद रहो लेकिन प्रेम का रंग लगाने के लिए अपनों के बीच रहो। यही अपनापन और प्रेम का संदेश दिया मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने। वे अपनी व्यस्तता में से समय निकाल कर अपने शहर पहुंचे और अपनों के बीच रहे। होली का रंग लगाया और लगवाया भी। वे जितनी देर जिस कार्यक्रम में रहे उतनी देर वहां का आलम वृंदावन और ब्रज भूमि जैसा रहा। लगा कि मोहन अपने सखाओं के साथ हैं।
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद द्वारा बडऩगर रोड स्थित, श्री पंचायती निरंजनी अखाड़ा में आयोजित होली के रंग,साधु संतों के संग कार्यक्रम में सम्मिलित होकर मुख्यमंत्री ने कहा कि साधु संतों का प्रेम और आशीर्वाद इस जन्म की सबसे बड़ी उपलब्धि है। सभी साधु संतों को मेरा चरण स्पर्श। उज्जैन में परमात्मा ने जन्म दिया उसके लिए हम सौभाग्यशाली हैं।
शराबबंदी होगी एक अप्रैल से
मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि उज्जैन और प्रदेश के अन्य धार्मिक नगरों में 1 अप्रैल से शराबबंदी की जा रही है। इसी के साथ हम संपूर्ण प्रदेश में गौशालाओं को बढ़ावा दे रहे हंै और दूध उत्पादन पर भी बोनस दिया जाएगा, इससे शराब को जगह दूध को बढ़ावा मिलेगा। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद अध्यक्ष श्री रवींद्र महाराज ने गुलाल लगाकर होली की मंगलकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि पूरा संत समाज सीएम के साथ है।
पुष्पवर्षा कर स्वागत किया
महामंडलेश्वर शांतिस्वरूपानंद गिरी महाराज,महामंडलेश्वर प्रेमानंद पुरी महाराज, महंत डॉक्टर रामेश्वर दास महाराज,महंत देवगिर महाराज,महंत शनि भारती महाराज,महंत सुरेशानंद पुरी महाराज आदि साधु,संत,महंतों का मुख्यमंत्री ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया।
नागरिकों के साथ खेली फूलों की होली
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कालिदास अकादमी परिसर में उज्जैन के नागरिकों के बीच पहुंच कर उनके साथ फूलों की होली खेली सभी को होली की शुभकामनाएं भी दीं। मुख्यमंत्री ने अमृत 2.0 मिशन के अंतर्गत उज्जैन शहर के विभिन्न वार्डों तथा सिंहस्थ क्षेत्र में 478 करोड़ रुपए लागत के सीवरेज कार्य निर्माण का भूमि पूजन किया जिससे सवा 3 लाख से अधिक की आबादी लाभान्वित होगी।
मुख्यमंत्री ने मालवा की परंपरा निभाई
होली का रंग डालने के लिए सीएम ने मालवा की पंरपरा का निर्वाह किया। वे शोक की होली का रंग डालने के लिए कुलदीप पांचाल, कार्तिक मिश्रा, गोपाल अग्रवाल, सुनील सारवान, गिरीश शास्त्री, मुक्तक गोस्वामी, राजाराम यादव, दिलीप परमार और जगदीश पांचाल के घर पहुंचे। उन्होंने दिवंगतों को रंग अर्पित किया और शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया। इसी दौरान वे पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. सत्यनारायण जटिया के निवास पर भी पहुंचे। यहां भी रंग अर्पित किया। उनके साथ प्रभारी मंत्री गौतम टेटवाल भी थे।
सरकार 21 लाख रुपए का पुरस्कार देगी
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि हम उज्जैन के गौरव में उत्तरोत्तर वृद्धि के लिए सदैव प्रयासरत हैं। उज्जैन के महाराजा विक्रमादित्य के गौरव के अंतर्गत प्रदेश में 21 लाख रुपए का एक पुरस्कार तथा पांच पांच लाख रुपए के चार पुरस्कार विभिन्न क्षेत्रों में कार्य करने वालों को दिए जाएंगे।
सीएम के साथ यह मौजूद थे
कार्यक्रम में विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, नगर निगम सभापति कलावती यादव, पूर्व विधायक राजेंद्र भारती रामलाल यादव, संजय अग्रवाल, संभाग आयुक्त संजय गुप्ता तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।