बुजुर्ग बोले- नाबालिग ही नहीं, कर्मचारी भी करते थे मारपीट

इंदौर। बाणगंगा स्थित प्रेमाश्रय वृद्धाश्रम में नाबालिग द्वारा बुजुर्गों की डंडे से पिटाई का वीडियो सामने आने के बाद मामले में नए खुलासे हो रहे हैं। आश्रम से दूसरे स्थानों पर शिफ्ट किए गए बुजुर्गों ने दावा किया है कि आश्रम में मारपीट की घटनाएं नई बात नहीं है। उनका आरोप है कि नाबालिग के अलावा कुछ कर्मचारी भी गलती होने पर बुजुर्गों के साथ मारपीट और गाली-गलौज करते थे। बुजुर्गों के मुताबिक आश्रम की संचालिका ने कभी उनके साथ मारपीट नहीं की, लेकिन उनके अनुपस्थित रहने पर कुछ कर्मचारियों का व्यवहार बेहद सख्त रहता था। फिलहाल दो पुरुष और एक महिला बुजुर्ग एमवाय अस्पताल में भर्ती हैं, जहां उनका उपचार जारी है। वहीं, आश्रम में सीसीटीवी कैमरे भी नहीं लगे होने की बात सामने आई है।
गलती पर डांट नहीं, पिटाई होती थी…
एमवाय अस्पताल में भर्ती एक बुजुर्ग ने बताया कि आश्रम में छोटी-छोटी गलतियों पर डांटने की बजाय कर्मचारियों द्वारा मारपीट की जाती थी। उनका कहना है कि कई बार कर्मचारियों का व्यवहार अपमानजनक रहता था और बुजुर्गों के साथ गाली-गलौज भी की जाती थी। घायल बुजुर्ग महिला गोदावरी ने बताया कि संचालिका के जाने के बाद कर्मचारी बुजुर्गों के साथ मारपीट करते थे। नहाने के दौरान कोई गलती होने पर भी डांटने की बजाय पिटाई और गाली-गलौज की जाती थी।








